22/03/25

शिक्षा के विकास के लिए सरकार के आंख-कान की तरह काम करें पीएमयू कंसल्टेंट्स

एन.एस. बाछल, 22 मार्च, जयपुर।

राज्य परियोजना आयुक्त व निदेशक, समग्र शिक्षा राजस्थान अनुपमा जोरवाल ने कहा कि जिला स्तर पर काम कर रहे पीएमयू कंसल्टेंट्स राज्य सरकार की आंख व कान के रूप में धरातल पर काम करें। वे शिक्षा के क्षेत्र में वा​स्तविक आवश्यकताओं व कमियों को चिह्नित करने के साथ ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के राज्य सरकार के प्रयासों में सहयोग करें।

अनुपमा जोरवाल शुक्रवार को STARS व समग्र शिक्षा अभियान (FLN) की प्रोजेक्ट मैनेजमेंट यूनिट के तहत नियुक्त NANGIA & CO LLP के डिस्ट्रिक्ट पीएमयू कंसल्टेंट्स के लिए शिक्षा संकुल में आयोजित वर्कशॉप के दौरान संबोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा कि सभी जिला पीएमयू कंसल्टेंट्स को स्थानीय मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के सा​थ समन्वय स्थापित करते हुए काम करें और धरातल पर मौजूद समस्याओं को गहराई से समझ कर इनके संबंध में विभाग को जानकारी दें। निदेशक माध्यमिक शिक्षा आशीष मोदी ने कंसल्टेंट्स को विभाग की ओर से आयोजित की जाने वाली मीटिंग व वीसी में नियमित रूप से शामिल होने, शिक्षा विभाग की सभी योजनाओं के बारे में जागरुक रहने और स्कूलों की नियमित विजिट के निर्देश दिए।

वर्कशॉप के दौरान डिस्ट्रिक्ट पीएमयू कंसल्टेंट्स को विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से मुख्यमंत्री शिक्षित राजस्थान अभियान, FLN, दक्षता आधारित आकलन, शाला संबलन, परख, शाला स्वास्थ्य परीक्षण, डिजिटल प्रवेशोत्सव व विद्या समीक्षा केंद्र आदि के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई। पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन व अन्य गतिविधियों के माध्यम से विशेषज्ञों ने कंसल्टेंट्स को विभाग की योजनाओं के बारे में बताया। इस दौरान सभी प्रतिभागियों ने सक्रिय भागीदारी निभाते हुए एक-दूसरे के साथ जानकारियों का आदान-प्रदान व शंका समाधान किया।

Previous

लोकतंत्र सेनानियों ने देश के लिए त्याग और तपस्या की, इनका सम्मान हमारा कर्तव्य

Next

कर्नाटक में मुसलमानों को 4 प्रतिशत सरकारी कामों में आरक्षण देना ठीक नहीं कहलाया जा सकता - ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज