05/01/25

पीएम मोदी ने नमो भारत ट्रेन को दिखाई हरी झंडी, बच्चों के साथ साहिबाबाद से न्यू अशोक नगर तक किया सफर

आरएस अनेजा, 05 जनवरी नई दिल्ली

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को साहिबाबाद और न्यू अशोक नगर के बीच दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर के 13 किलोमीटर लंबे अतिरिक्त खंड का उद्घाटन कर दिया है। इसके बाद पीएम ने क्यूआर कोड स्कैन कर ट्रेन का टिकट ले सफर भी किया। इस यात्रा में उनके साथ स्कूली बच्चे भी साथ दिखे।

बच्चों से की बातचीत

इस दौरान कुछ स्कूली बच्चों से बातचीत भी की, साथ ही बच्चों ने प्रधानमंत्री को तोहफे भी दिए। बच्चों ने अपने हाथ से बने पोस्टर और पेंटिंग पीएम मोदी को बड़े प्यार से भेंट किए।

बता दें कि नमो भारत ट्रेन के अतिरिक्त खंड के लोकार्पण से पहले पीएम मोदी ने एक्स पर एक वीडियो शेयर किया था, जिसमें उन्होंने लिखा था कि “दिल्ली-एनसीआर के लिए आज का दिन बेहद महत्वपूर्ण है. आज पहली बार जहां नमो भारत ट्रेन राजधानी में प्रवेश करेगी, वहीं दिल्ली मेट्रो के विस्तार सहित कई विकास परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास का सुअवसर मिलेगा.”

साहिबाबाद और मेरठ साउथ के बीच 9 स्टेशनों के साथ कॉरिडोर का 42 किलोमीटर लंबा हिस्सा यात्रियों के लिए ऑपरेशनल है. इस उद्घाटन के साथ ही नमो भारत कॉरिडोर का परिचालित खंड 55 किलोमीटर तक विस्तारित हो जाएगा, इसमें कुल 11 स्टेशन होंगे.

आज शाम से मिलेगी यात्रियों को ट्रेन

बता दें कि रव‍िवार शाम 5 बजे से ही नमो भारत ट्रेन हर 15 मिनट के अंतराल पर यात्रियों के लिए उपलब्ध रहेगी. दिल्ली से मेरठ की दिशा में पहले परिचालित स्टेशन, न्यू अशोक नगर स्टेशन, से मेरठ साउथ तक का किराया स्टैंडर्ड कोच के लिए 150 रुपये और प्रीमियम कोच के लिए 225 रुपये है. इस सेक्शन पर परिचालन शुरू होने से मेरठ शहर अब नमो भारत ट्रेन के माध्यम से राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सीधे जुड़ गया है.

40 मिनट में पूरा होगा सफर

यात्री न्यू अशोक नगर से मेरठ साउथ तक सिर्फ 40 मिनट में यात्रा कर सकेंगे. अब तक 50 लाख से अधिक यात्री नमो भारत ट्रेनों द्वारा यात्रा का लाभ उठा चुके हैं. कॉरिडोर के बाकी बचे हुए सेक्शन, यानी न्यू अशोक नगर-सराय काले खां और मेरठ साउथ-मोदीपुरम में निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है.

इस नए रूट में 13 किलोमीटर के सेक्शन में से 6 किलोमीटर हिस्सा भूमिगत है. जिसमें कॉरिडोर का एक प्रमुख स्टेशन, आनंद विहार शामिल है. यह पहली बार है जब नमो भारत ट्रेन भूमिगत सेक्शन में चलेगी.

तीसरा सबसे बड़ा मेट्रो रेल नेटवर्क

बता दें कि भारत में मेट्रो रेल नेटवर्क का तेजी से विस्तार हो रहा है. अब देश में मेट्रो रेल नेटवर्क की कुल लंबाई बढ़कर 1000 किमी तक पहुंच गई है. इस बड़े नेटवर्क के साथ, भारत अब चीन और अमेरिका के बाद दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा मेट्रो रेल नेटवर्क वाला देश बन गया है.

Previous

सैनी शिक्षा प्रसार समिति, सहारनपुर उत्तर प्रदेश द्वारा हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के सम्मान में अभिनन्दन समारोह का किया गया आयोजन

Next

गन्ने की फसल को बढ़ाने के लिए गन्ने को बोने व काटने की मशीनों पर किसानों को उपलब्ध करवाया जाए अनुदान - कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा