प्रधानमंत्री ने उत्तर प्रदेश के संभल में सड़क हादसे में लोगों की मृत्यु पर शोक व्यक्त किया
आरएस अनेजा, 05 जुलाई नई दिल्ली
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज उत्तर प्रदेश के संभल में हुई दुर्घटना में लोगों की मृत्यु पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने प्रत्येक मृतक के निकट परिजन को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय आपदा राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से 2 लाख रुपये तथा प्रत्येक घायल को 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।
उन्होंने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि “उत्तर प्रदेश के संभल में हुई दुर्घटना में लोगों की मौत से बहुत दुख हुआ। इस हादसे में अपने प्रियजनों को खोने वालों के प्रति संवेदना। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूँ।
पीएमएनआरएफ से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। प्रत्येक घायल को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश के संभल के जुनावई थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में आठ लोगों की जान चली गई। घटना तब घटी जब तेज रफ्तार बोलेरो कार, जो बारात लेकर जा रही थी, जुनावई गांव स्थित जनता इंटर कॉलेज की दीवार से जा टकराई। इस कार में कुल 14 लोग सवार थे, जो दूल्हे के साथ दुल्हन को ब्याहने जा रहे थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर ही दूल्हे समेत तीन मासूम बच्चों सहित पांच लोगों की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को तुरंत सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। उपचार के दौरान तीन और लोगों की मौत हो गई, जिससे मृतकों की संख्या बढ़कर आठ हो गई है।