पानीपत: कनाडा भेजने के नाम पर महिला से 60 लाख की ठगी, आरोपी परिवार पर केस दर्ज
हरियाणा/पानीपत, 28 मार्च (अन्नू): हरियाणा के पानीपत जिले से विदेश भेजने के नाम पर धोखाधड़ी का एक बड़ा मामला प्रकाश में आया है। शहर के भगत नगर की रहने वाली एक महिला और उसके परिवार को कनाडा में सैटल कराने और वहां की PR (स्थायी निवासी दर्जा) दिलवाने का झांसा देकर जालसाजों ने करीब 60 लाख रुपये हड़प लिए। मुख्य आरोपी जोगिन्द्र सिंह, जो पहले पानीपत की ही एक इंश्योरेंस कंपनी में मैनेजर के पद पर कार्यरत था, ने अपनी पुरानी जान-पहचान का फायदा उठाकर इस पूरी साजिश को अंजाम दिया। पीड़ित महिला प्रमिला देवी उसी कंपनी में एजेंट के तौर पर काम करती थी, जहाँ आरोपी ने उसे अपने विश्वास में लिया था।
ठगी के इस सुनियोजित खेल में आरोपी ने पीड़ित परिवार से अलग-अलग किश्तों में भारी-भरकम राशि वसूली। जांच में सामने आया है कि करीब 7 लाख रुपये जोगिन्द्र की कंपनी 'जेडी मैन पावर लिमिटेड' के खाते में डाले गए, जबकि लाखों रुपये उसके रिश्तेदारों और करीबियों के बैंक खातों में ट्रांसफर किए गए। इतना ही नहीं, पीड़ित महिला ने आरोपी के परिजनों को घर जाकर लाखों रुपये नकद भी सौंपे थे। पुलिस को सौंपी गई व्हाट्सएप चैट से यह भी खुलासा हुआ है कि आरोपी ने मार्च 2024 में अतिरिक्त 20 लाख रुपये की मांग की थी।
पैसे वसूलने के बाद आरोपी ने महिला के पति कुलदीप को कनाडा तो बुला लिया, लेकिन वहां पहुंचने के बाद उसे न तो कोई काम दिलवाया और न ही पीआर की प्रक्रिया शुरू की। इस बीच प्रमिला और उनका बेटा पिछले दो साल से भारत में अकेले रहकर आर्थिक तंगी का सामना कर रहे हैं। जब परिवार ने अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोपी टाल-मटोल करने लगा। भारी दबाव बनाने के बाद आरोपी ने केवल 3 लाख रुपये लौटाए और शेष 57 लाख रुपये डकार गया। अब पीड़ित परिवार दाने-दाने को मोहताज हो चुका है।
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (SP) के निर्देश पर स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट ने गहनता से जांच की। जांच रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपी जोगिन्द्र सिंह, जो वर्तमान में कनाडा में है, उसके भाई नरेन्द्र और मां रारबती के खिलाफ धोखाधड़ी और कबूतरबाजी की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का मानना है कि जोगिन्द्र विदेश में बैठकर भारत में मौजूद अपने परिजनों की मदद से ठगी का यह रैकेट चला रहा है।
#PanipatNews #CyberFraud #CanadaVisaScam #HaryanaPolice #FraudAlert #ImmigrationFraud #PanipatCrime #DanikKhabar