पंचकूला एनकाउंटर: करनाल के मशहूर ढाबे पर फायरिंग की थी साजिश, फिरौती न मिलने पर हमले की तैयारी में थे बदमाश
पंचकूला, 05 मई (अन्नू): हरियाणा पुलिस की एंटी नारकोटिक्स सेल (ANC) ने पंचकूला में 30 अप्रैल को हुई मुठभेड़ के बाद दो कुख्यात बदमाशों, राहुल और मुकेश को गिरफ्तार कर लिया है। फायरिंग के दौरान घायल हुए इन दोनों आरोपियों को अस्पताल से छुट्टी मिलते ही पुलिस ने अपनी हिरासत में ले लिया। फिलहाल पुलिस रिमांड के दौरान इनसे गहन पूछताछ की जा रही है। ये दोनों बदमाश नौनी राणा और मोनू गुर्जर गैंग के सक्रिय सदस्य हैं और कैथल के चीका स्थित शक्ति नगर के निवासी हैं।
पुलिस पर फायरिंग और हथियारों की खेप
पूछताछ में खुलासा हुआ है कि ये दोनों बदमाश पंचकूला में हथियारों की एक बड़ी खेप लेने आए थे। जैसे ही ये हथियार लेकर निकले, पुलिस टीम से इनका आमना-सामना हो गया। गिरफ्तारी से बचने के लिए बदमाशों ने पुलिस पर गोलियां चला दीं, जिसमें एक गोली एएनसी टीम के जवान की बुलेटप्रूफ जैकेट पर जा लगी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें दोनों बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गए थे। मौके पर कुल 6 राउंड गोलियां चली थीं।
नीलकंठ ढाबा संचालक से 5 करोड़ की फिरौती
जांच में एक चौंकाने वाली साजिश का पर्दाफाश हुआ है। ये बदमाश हथियार लेकर करनाल के प्रसिद्ध 'नीलकंठ ढाबे' पर फायरिंग करने की योजना बना रहे थे। ढाबा संचालक भूपेंद्र लाठर ने बताया कि करीब 5 महीने पहले उनसे 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। पैसे न देने पर डराने के उद्देश्य से यह हमला किया जाना था। संचालक ने उस वक्त पुलिस में शिकायत नहीं की थी, लेकिन अब साजिश का पता चलने पर इलाके में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
दर्ज हुआ गंभीर धाराओं में मामला
पंचकूला डीसीपी (क्राइम) अमरिंदर सिंह ने बताया कि राहुल और मुकेश का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है, जिसमें हत्या के प्रयास और एनडीपीएस (नशा तस्करी) जैसे मामले शामिल हैं। ताजा मुठभेड़ के बाद चंडीमंदिर थाना पुलिस ने इनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत नया मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस अब इस बात की तफ्तीश कर रही है कि इन्हें हथियार सप्लाई करने वाले अन्य साथी कौन हैं।
#PanchkulaEncounter #HaryanaPolice #CrimeNews #KarnalNews #NeelkanthDhaba #GangsterWar #LawAndOrder #HaryanaNews #DanikKhabar
Previous
प्रदेश में ‘ग्राम रथ अभियान‘ का प्रथम सप्ताह,गांव-गांव पहुंच रही विकास की रौशनी और जागरूकता की लहर:राजस्थान
Next