20/09/25

सरकारी स्कूल राम बाग रोड अम्बाला में 'पखवाड़ा सेवा' कार्यक्रम आयोजित किया गया

जे कुमार, अम्बाला 20 सितम्बर - अम्बाला के सरकारी स्कूल राम बाग रोड में ‘पखवाड़ा सेवा’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम सुबह 8 बजे से प्रारंभ हुआ। इस अवसर पर इद्रीश फाउंडेशन को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया। कार्यक्रम में इद्रीश फाउंडेशन की संस्थापक एवं मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ नेहा परवीन मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहीं।

सुश्री नेहा परवीन ने छात्रों को “स्कूली जीवन में नशा मुक्ति” विषय पर संबोधित किया। उन्होंने नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों पर प्रकाश डाला और बच्चों को जीवन में सकारात्मक दिशा चुनने की प्रेरणा दी। बच्चों को स्टोरी टेलिंग (कहानी सुनाने की शैली) के माध्यम से नशे के दुष्परिणाम समझाए गए और अंत में सभी को नशा मुक्त समाज बनाने का संकल्प दिलवाया गया।

इस मौके पर स्कूल की प्रधानाचार्य रीता देवी, कार्यक्रम की आयोजक तृषला मैडम तथा अन्य अध्यापकगण भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने भी अपनी प्रतिक्रियाएँ साझा कीं और नशा मुक्त समाज बनाने का संकल्प लिया।

सेवा पखवाड़ा के तहत अंबाला पुलिस भी लगातार जागरूकता अभियान चला रही है। पुलिस अधीक्षक अंबाला अजीत सिंह शेखावत के निर्देशानुसार महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव, यातायात नियमों की पालना तथा डायल-112 एप और ट्रिप मॉनिटरिंग सर्विस की जानकारी छात्राओं और कामकाजी महिलाओं तक पहुंचाई जा रही है।

इद्रीश फाउंडेशन ने यह आश्वासन दिया कि संस्था समय-समय पर ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करती रहेगी। वहीं स्कूल प्रबंधन ने कहा कि इस तरह के अभियानों से बच्चों और युवाओं में नशे की प्रवृत्ति को रोकने और शिक्षा पर ध्यान केंद्रित करने की दिशा में सकारात्मक बदलाव आएगा।

ambala #news #govtschool #police

Previous

25 सितम्बर को दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना हरियाणा राज्य में महिलाओं के लिए शुरू

Next

सेवा पखवाड़ा के तहत कार्यक्रमों में जनभावना दिख रही है और लोग सेवा के नए आयाम स्थापित कर रहे हैं : ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज