अम्बाला में यातायात नियमों की अनदेखी पर 1 लाख से ज्यादा चालान; आरटीए सचिव बोले- केवल चालान नहीं, जीवन बचाना प्राथमिकता
जे कुमार अम्बाला 31 दिसम्बर 2025 : अम्बाला के आरटीए सचिव सुशील कुमार ने एनआईसी कार्यालय के सभागार में सड़क सुरक्षा समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक ली, जिसमें उन्होंने सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए विभिन्न विभागों को कड़े दिशा-निर्देश जारी किए।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने पिछली बैठक के लंबित कार्यों की समीक्षा की और भविष्य की कार्ययोजना पर चर्चा की। सचिव ने बिजली निगम के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़क के बीच या किनारे लगे खतरनाक खंभों और ट्रांसफार्मरों को तुरंत शिफ्ट किया जाए और जब तक शिफ्टिंग नहीं होती, उन पर रिफ्लेक्टर टेप लगाना सुनिश्चित करें।
वहीं, एनएचएआई के अधिकारियों को सड़क पर बने अवैध कटों को तुरंत बंद करने और लोक निर्माण विभाग को धुंध के मौसम के मद्देनजर सड़कों पर सफेद पट्टी व सुरक्षा चिन्ह लगवाने के आदेश दिए गए।
बैठक में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता और सख्त प्रवर्तन पर जोर देते हुए आरटीए सचिव ने पुलिस विभाग को बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने को कहा। उन्होंने कहा कि पुलिस का कार्य केवल चालान काटना नहीं बल्कि मानव जीवन को सुरक्षित करना है। धुंध के मौसम को देखते हुए उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वे अपने वाहनों पर रिफ्लेक्टर टेप लगवाएं और बहुत जरूरी होने पर ही सीमित गति में वाहन चलाएं।
बैठक में स्कूल वाहन पॉलिसी की भी समीक्षा की गई। इस अवसर पर जिले के चारों एसडीएम—दर्शन कुमार, शिवजीत भारती, विनेश कुमार, और सतीन्द्र सिवाच सहित विभिन्न विभागों के उच्च अधिकारी और एनएचएआई के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
बॉक्स समाचार: कार्रवाई का रिपोर्ट कार्ड आरटीए सुशील कुमार ने बैठक में जानकारी दी कि जनवरी 2025 से नवंबर 2025 तक अम्बाला में यातायात नियमों के उल्लंघन पर व्यापक कार्रवाई की गई है। इस अवधि में कुल 1,04,339 चालान किए गए। इनमें सर्वाधिक 38,281 चालान ओवर स्पीड के लिए, 3,376 बिना हेलमेट के, और 1,956 चालान नशा करके वाहन चलाने वालों के किए गए। इसके अलावा ओवरलोडिंग के 204 चालान किए गए, जिनसे 92 लाख 84 हजार 300 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
#AmbalaRoadSafety #RTASushilKumar #TrafficRules #AmbalaPolice #RoadSafetyFirst #ZeroTolerance #FogSafety #HaryanaPolice #AmbalaAlert #SafetyAwareness