07/05/25

ऑपरेशन सिंदूर: भारतीय सशस्त्र बलों ने पाकिस्तान में आतंकवादी शिविरों को सटीकता के साथ निशाना बनाया

आरएस अनेजा ,07 मई नई दिल्ली

भारत ने पहलगाम में हुए आतंकी हमले का जवाब दे दिया है। भारत ने पाक अधिकृत कश्‍मीर (PoK) में एयर स्‍ट्राइक करते हुए आतंकियों के ठिकानों को तबाह कर दिया।

भारतीय सशस्त्र बलों ने अब से कुछ समय पहले ‘ऑपरेशन सिंदूर’ संचालित किया, जिसके तहत पाकिस्तान और पाकिस्तान के अवैध कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर में आतंकवादियों के ठिकानों पर हमला किया गया। ये ऐसे चिन्हित स्थान हैं, जहां से भारत के खिलाफ आतंकवादी हमलों की योजना बनाई गई और उन्हें निर्देशित किया गया।

कुल मिलाकर, नौ (9) ठिकानों को निशाना बनाया गया है।

भारत की यह कार्रवाई केंद्रित, नपी-तुली और बिना किसी उकसावे वाली रही है। इस दौरान, किसी भी पाकिस्तानी सैन्य प्रतिष्ठान को नुकसान नहीं पहुंचाया गया है। भारत ने अपने लक्ष्यों के चयन और उन्हें निशाना बनाने में काफी संयम दिखाया है।

ये कार्रवाई पहलगाम में हुए बर्बरता पूर्ण आतंकवादी हमले के जवाब में की गई है। इस कायराना आतंकी हमले 25 भारतीय और नेपाल के एक नागरिक की हत्या कर दी गई थी। भारतीय सशस्त्र बल इस प्रतिबद्धता पर खरे उतर रहे हैं कि आतंकी हमले के लिए जिम्मेदार लोगों को जवाबदेह ठहराया जाएगा।

ऑपरेशन सिंदूर (Operation Sindoor) के तहत जिन 9 जगहों पर हमला किया गया है, वह पूरी तरह से आतंकी ठिकाने थे. अभी तक 70 से ज्‍यादा आतंकी मारे गए हैं और 55 से ज्‍यादा घायल हैं. भारत की इस कार्रवाई पर अमेरिका ने भी प्रतिक्रिया दी है. वाशिंगटन डीसी में भारतीय दूतावास ने इस पर अपनी प्रतिक्रिया अमेरिका एवं पूरी दुनिया को दी है.

अमेरिका के वॉशिंगटन डीसी में मौजूद भारतीय एंबेसी ने कहा है कि भारत की कार्रवाई केंद्रित और सटीक रही है. वे संतुलित, जिम्मेदार और गैर-उत्तेजक प्रकृति की थीं. किसी भी पाकिस्तानी नागरिक, आर्थिक या सैन्य लक्ष्य को निशाना नहीं बनाया गया है. केवल आतंकी शिविरों को ही निशाना बनाया गया है.

उधर, राष्‍ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने हमले की पूरी जानकारी अमेरिका के एनएसए को दी है. अमेरिका ने भी इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि हमें भारत की तरफ से की गई कार्रवाई की पूरी जानकारी है।

Previous

अच्छी शिक्षा एवं उत्तम बौद्धिक क्षमता से ही विकसित भारत की संकल्पना साकार होगी-राज्यपाल

Next

"देश के प्रधानमंत्री आदरणीय नरेंद्र मोदी जी ने पहले दिन ही कह दिया कि पहलगाम हमले के एक-एक दोषी से बदला लिया जाएगा और एक-एक को ठोका जाएगा" - ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज