01/11/25

देवउठनी एकादशी पर प्रभात फेरी और पूजा-अर्चना के साथ हुई मांगलिक कार्यों की शुरुआत

जे कुमार, अम्बाला 1 नवंबर - आज देवउठनी एकादशी का पावन पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सुबह शहर में भक्तों द्वारा प्रभात फेरी निकाली गई, जिसमें श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन करते हुए भगवान विष्णु के जयकारे लगाए। प्रभात फेरी के बाद मंदिरों में पूजा-अर्चना का दौर चला। महिलाएं पारंपरिक परिधान पहनकर पूजा में शामिल हुईं और भगवान विष्णु व माता लक्ष्मी से परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।

लालकुर्ती बाजार स्थित सनातन धर्म शिव मंदिर में भी विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहां भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। मंदिर में तुलसी विवाह की रस्म भी विधिवत तरीके से निभाई गई। इस दौरान मंदिर परिसर में भक्ति गीतों की गूंज सुनाई दी।

मंदिर के पंडित देव प्रताप पाठक ने बताया कि देवउठनी एकादशी के दिन भगवान विष्णु योगनिद्रा से जागते हैं और इस दिन से ही सभी मांगलिक कार्यों की शुरुआत मानी जाती है। उन्होंने कहा कि इस पर्व के साथ विवाह, गृह प्रवेश, मुंडन संस्कार और अन्य शुभ कार्यों का शुभ मुहूर्त फिर से प्रारंभ हो गया है।

पंडित पाठक ने बताया कि इस दिन व्रत रखने और तुलसी विवाह करवाने से घर में सकारात्मक ऊर्जा आती है और परिवार में सौहार्द बढ़ता है। श्रद्धालुओं ने मंदिर में दीप जलाकर और प्रसाद चढ़ाकर भगवान से आशीर्वाद प्राप्त किया। देवउठनी एकादशी का यह पर्व न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि यह जीवन में नये आरंभ और मंगलता का संदेश भी देता है।

#ambala #devuthani #ekadashi #functions #News

Previous

आज से हरियाणा में पात्र महिलाओं को मिलेगी लाडो लक्ष्मी योजना की पहली किस्त

Next

हरियाणा में रजिस्ट्री प्रक्रिया अब ऑनलाइन, खत्म होगी लंबी कतारों की परेशानी