अंबाला में संविधान दिवस पर शपथ समारोह: DC अजय सिंह तोमर ने दिलाई संविधान की उद्देशिका की शपथ
जे कुमार, अम्बाला 26 नवम्बर - संविधान दिवस के उपलक्ष्य में आज उपायुक्त अजय सिंह तोमर की अध्यक्षता में उपायुक्त परिसर स्थित कोर्ट रूम में एक गरिमामय भारत का संविधान उदेशिका शपथ समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर उपायुक्त ने कार्यालय व अन्य विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भारत के संविधान के प्रति निष्ठा रखने, उसके सिद्धांतों का पालन करने और देश की एकता, अखंडता तथा संप्रभुता की रक्षा करने की शपथ दिलाई।
उपायुक्त अजय सिंह तोमर ने कहा कि भारतीय संविधान केवल एक दस्तावेज नहीं, बल्कि देश की लोकतांत्रिक संरचना, नागरिक अधिकारों और कर्तव्यों का आधार है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक सरकारी अधिकारी व कर्मचारी का दायित्व है कि वे संविधान द्वारा प्रदत्त मूल्यों न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व को अपने कार्यों व व्यवहार में उतारें।
उन्होंने उपस्थित कर्मचारियों को प्रेरित करते हुए कहा कि संवैधानिक कर्तव्यों के पालन से ही सुशासन की भावना मजबूत होती है और नागरिकों को पारदर्शी, समयबद्ध और प्रभावी सेवाएं प्रदान की जा सकती हैं। सभी पुरी निष्ठा भाव से संविधान के नियमों का पालन करें। उन्होंने कहा कि संविधान देश की मुख्य आधारशिला है। हम सबको संविधान में दिए गए नियमों की पालना करते हुए देश के नवनिर्माण में अपना अहम योगदान देना चाहिए।
सभी ने एक स्वर में संविधान के प्रति अपनी निष्ठा जताते हुए देशहित में कार्य करने का संकल्प लिया। इसके साथ-साथ एसडीएम कार्यालय अंबाला छावनी में भी संविधान दिवस का आयोजन किया गया जिसमें एसडीएम विनेश कुमार ने कार्यालय के सभी अधिकारीगण व कर्मचारियों को संविधान दिवस की शपथ दिलाई। इस मौके पर नगराधीश अभिषेक गर्ग, सीईओ जिला परिषद गगनदीप सहित उपायुक्त कार्यालय के सभी शाखाओं के अधिकारी व कर्मचारी व अन्य मौजूद रहे।
#ambala #news #dcambala #oath-ceremony #constitution-day #administered