नूंह: मिठाई खाने से एक ही परिवार के 8 मासूम बच्चे बीमार; 5 की हालत गंभीर, अस्पताल में भर्ती
जे कुमार नूंह (हरियाणा), 19 अप्रैल 2026: नूंह जिले के नगीना थाना क्षेत्र के गाँव गन्डुरी में शनिवार सुबह एक हृदयविदारक घटना सामने आई। बाजार से लाई गई 'चमचम' मिठाई खाने के बाद एक ही परिवार के 8 बच्चों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। बच्चों के मुँह से झाग निकलने और उल्टियाँ शुरू होने के बाद उन्हें आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया।
मिठाई बनी जहर:
जानकारी के अनुसार, गाँव निवासी असलम शुक्रवार रात को बड़कली चौक स्थित एक मिष्ठान भंडार से 'चमचम' मिठाई खरीदकर लाए थे। शनिवार सुबह जब बच्चों ने वह मिठाई खाई, तो कुछ ही देर बाद उनकी हालत खराब होने लगी।
अस्पताल में चल रहा इलाज:
परिजनों ने तुरंत सभी 8 बच्चों को जिला नागरिक अस्पताल, मांडीखेड़ा में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने 5 बच्चों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें नल्हड़ मेडिकल कॉलेज (नलहड़ अस्पताल) रेफर कर दिया है। डॉक्टरों के अनुसार, यह मामला 'फूड पॉइजनिंग' (खाद्य विषाक्तता) का है। बीमार बच्चों में 2 वर्ष से लेकर 16 वर्ष तक के मासूम शामिल हैं।
खाद्य सुरक्षा विभाग पर उठे सवाल:
इस घटना के बाद ग्रामीणों में भारी रोष है। लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में मिलावटी और बासी मिठाइयों का खेल धड़ल्ले से चल रहा है, लेकिन विभाग की ओर से कोई सख्त कार्रवाई नहीं की जाती। ग्रामीणों ने प्रशासन से दोषी मिष्ठान संचालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और दुकानों की सघन जांच की मांग की है। पुलिस ने फिलहाल मामला संज्ञान में ले लिया है और परिजनों की शिकायत का इंतजार कर रही है।
#NuhNews #FoodPoisoning #HaryanaNews #AdulteratedSweets #ChildSafety #HealthAlert #NuhUpdate #BreakingNewsHaryana #MedicalEmergency #SafeFood #NaginaNews #MewatNews #PublicHealth #ActionNeeded
Previous
जी एम एन कॉलेज, अंबाला कैंट में एनसीसी कैडेट्स द्वारा एआई आधारित नवाचार कार्यशाला का आयोजन
Next