29/05/25

दिल्ली-NCR में धूलभरी आंधी के बाद तेज बारिश, मौसम विभाग ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट

नई दिल्ली, 29 मई (अभी): मौसम विभाग ने गुरुवार को पूरी दिल्ली में शाम 5:30 बजे से शाम 7:30 बजे तक तेज बारिश और तूफान का ऑरेंज अलर्ट जारी किया था। अलर्ट के मुताबिक दिल्ली समेत एनसीआर के कई इलाकों में धूलभरी आंधी के बाद तेज बारिश हुई। विभाग ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण यह बदलाव हो रहा है।



बता दें कि गुरुवार को पूरे दिन दिल्ली के लोगों को झुलसाने वाली गर्मी ने परेशान किया। लोगों को खासी चुभन भरी गर्मी महसूस हुई। दिनभर आसमान साफ रहने व तेज धूप निकलने के कारण एनसीआर के लोगों का हाल बेहाल रहा। मौसम विभाग ने पहले ही 29 मई को यलो और 30 मई को बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, मध्य क्षोभमंडलीय पश्चिमी हवाओं में पश्चिमी विक्षोभ अपनी धुरी पर समुद्र तल से 5.8 किमी ऊपर बना हुआ है। 

एक सप्ताह से मध्यम श्रेणी में हवा बरकरार


राजधानी में हवा की दिशा बदलने के चलते वायु गुणवत्ता एक सप्ताह से मध्यम श्रेणी में बरकरार है। ऐसे में गुरुवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 171 दर्ज किया। यह हवा की मध्यम श्रेणी है। इसमें बुधवार की तुलना में 20 सूचकांक की वृद्धि दर्ज की गई। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) का पूर्वानुमान है कि रविवार तक हवा मध्यम श्रेणी में ही बरकरार रहेगी। ऐसे में लोगों को प्रदूषित हवा से कुछ दिनों तक और राहत मिलने की उम्मीद है। 

गुरुवार को हवा उत्तर-पश्चिम दिशा से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से चली। शुक्रवार को हवा उत्तर दिशा से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से चल सकती है। वहीं, शनिवार को हवा दक्षिण-पश्चिम दिशा से 12 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से चल सकती है। इसके अलावा रविवार को हवा दक्षिण-पश्चिम दिशा से 12 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से चलने का अनुमान है। 

सीपीसीबी का पूर्वानुमान, रविवार तक हवा मध्यम श्रेणी में ही बरकरार रहेगी


सीपीसीबी के अनुसार, दिल्ली एनसीआर में दिल्ली के बाद गुरुग्राम की हवा सबसे अधिक प्रदूषित रही। यहां एक्यूआई 154 दर्ज किया गया, जोकि मध्यम श्रेणी है। वहीं, गाजियाबाद और नोएडा में एक्यूआई सबसे कम दर्ज हुआ। यहां सूचकांक 135 रहा, जोकि मध्यम श्रेणी में है। इसके अलावा, ग्रेटर नोएडा में 145 एक्यूआई दर्ज किया गया।

Previous

हिमाचल: निजी क्षेत्र के सहयोग से वन आवरण को बढ़ावा देने में वरदान साबित होगी मुख्यमंत्री ग्रीन एडॉप्शन योजना

Next

सेना पर टिप्पणी मामले में राहुल गांधी को झटका, हाईकोर्ट ने राहत देने से किया इनकार; याचिका खारिज