जीएमएन कॉलेज अम्बाला की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाइयों ने मनाया राष्ट्रीय सेवा योजना दिवस
जे कुमार, अम्बाला 24 सितम्बर - गांधी मेमोरियल नेशनल कॉलेज अम्बाला छावनी की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाइयों ने राष्ट्रीय सेवा योजना दिवस पर वस्त्र और पुस्तक दान अभियान का सफल आयोजन किया। इस अवसर पर कॉलेज प्रांगण में विशेष शिविर लगाया गया, जिसमें छात्रों और शिक्षकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
प्रतिभागियों एवं जिले के नागरिकों ने पुराने लेकिन उपयोगी वस्त्र, किताबें, स्टेशनरी और अन्य शैक्षिक सामग्री उत्साहपूर्वक दान किया। इस अभियान का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों को सहयोग प्रदान करना, समाज में सकारात्मक बदलाव की पहल करना तथा युवाओं को सामाजिक जिम्मेदारी और दान की भावना से जोड़ना था। कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि छोटे-छोटे योगदान भी किसी के जीवन में बड़ा परिवर्तन ला सकते हैं।
प्राचार्य डॉ. रोहित दत्त ने अपने संबोधन में कहा कि “स्वैच्छिक दान अभियान हमारे महाविद्यालय के विद्यार्थियों की सामाजिक चेतना और संवेदनशीलता का प्रतीक है। इस तरह के कार्यक्रम युवाओं में सेवा और सहयोग की भावना को प्रोत्साहित करते हैं तथा उन्हें समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित करते हैं।
मुझे गर्व है कि हमारे छात्र-छात्राएँ शैक्षणिक उत्कृष्टता के साथ-साथ समाजसेवा में भी अग्रणी भूमिका निभा रहे हैं। यह पहल निश्चित रूप से समाज में सकारात्मक बदलाव की दिशा में एक सशक्त कदम है।
कार्यक्रम अधिकारियों डॉ. पिंकी गुप्ता और डॉ. चंद्रपाल पूनिया ने इस अवसर पर कहा कि “हमें गर्व है कि हमारे छात्र और शिक्षक समाजसेवा में इतनी गहरी रुचि रखते हैं। उनकी यह पहल न केवल जरूरतमंदों की सहायता करेगी बल्कि समाज में संवेदनशीलता और सहयोग की भावना को भी प्रोत्साहित करेगी।
अभियान के आयोजन और संचालन में श्याम रहेजा, राजिंदर मीरवाल, गीति बिंद्रा और हर्षिता का विशेष सहयोग रहा। इस अवसर पर कई विद्यार्थियों ने इसे अपने जीवन का प्रेरणादायी अनुभव बताया।
#ambala #news #gmncollege #nsscamp