18/09/26

पत्रकारों व उनके परिवारों को आकस्मिक परिस्थितियों में आर्थिक सहारा बन एम डब्लूयु बी सरहानीय कार्य कर रही है : ऊर्जा मंत्री अनिल विज

अम्बाला कैंट, 18 सितम्बर। पत्रकारों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए चलाए जा रहे प्रयासों के बीच हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने मीडिया वेलबीइंग एसोसिएशन (एमडब्ल्यूबी) की गतिविधियों की सराहना की। विज के कर-कमलों से चंडीगढ़ के दिवंगत पत्रकार राजेश जैन के बेटे अंकुश जैन को 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। इसी अवसर पर यमुनानगर के पत्रकार गुलाब सिंह को 40 हजार रुपये की आर्थिक सहायता का चेक भी सौंपा गया।इस अवसर पर संस्था के कोषाध्यक्ष तरुण कपूर,संगठन सचिव मेवा सिंह राणा,आई टी सैल के उपाध्यक्ष पीयूष जैन, सलाह कर बोर्ड के उपाध्यक्ष :सुमन भटनागर, बलराम सैनी,जिला अम्बाला के प्रधान राजीव ऋषि प्रमुख रूप से मौजूद थे।


इस मौके पर अनिल विज ने पत्रकारों और उनके परिवारों की सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा के लिए एमडब्ल्यूबी की ओर से किए जा रहे कार्यों को उपयोगी बताया। उन्होंने संस्था की उस कार्यप्रणाली की सराहना की, जिसके तहत पत्रकारों को बीमा और स्वास्थ्य सुरक्षा उपलब्ध कराने के साथ-साथ जरूरत पड़ने पर प्रभावित पत्रकार परिवारों को प्रत्यक्ष आर्थिक सहायता भी दी जा रही है। उन्होंने कहा की पत्रकारों व उनके परिवारों को आकस्मिक परिस्थितियों में आर्थिक सहारा बन एम डब्लूयु बी सरहानीय कार्य कर रही है।


विज ने कहा कि पत्रकारिता में काम करने वाले लोगों को कई बार चुनौतीपूर्ण और संवेदनशील परिस्थितियों में अपने दायित्व का निर्वहन करना पड़ता है। ऐसे में पत्रकारों के लिए सुरक्षा व्यवस्था और आकस्मिक परिस्थितियों में उनके परिवारों को आर्थिक सहारा मिलना महत्वपूर्ण है। एमडब्ल्यूबी द्वारा इस दिशा में किए जा रहे प्रयास पत्रकार समुदाय के लिए उपयोगी हैं।

अनिल विज ने संस्था की आर्थिक सहायता व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा कि किसी पत्रकार या उसके परिवार पर अचानक संकट आने पर सहायता उपलब्ध करवाना कल्याणकारी गतिविधियों का महत्वपूर्ण हिस्सा है। चंडीगढ़ के दिवंगत पत्रकार राजेश जैन के बेटे को 10 लाख रुपये तथा यमुनानगर के पत्रकार गुलाब सिंह को 40 हजार रुपये की मदद को भी इसी प्रयास की कड़ी के रूप में देखा गया।

उन्होंने एमडब्ल्यूबी की बीमा व्यवस्था का उल्लेख करते हुए कहा कि पत्रकारों को आर्थिक सुरक्षा से जोड़ने के प्रयास लंबे समय में उनके परिवारों के लिए सहारा बन सकते हैं। संस्था द्वारा पत्रकारों से सदस्यता शुल्क लिए बिना विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध करवाने की जानकारी भी इस अवसर पर दी गई।

एमडब्ल्यूबी अध्यक्ष चंद्रशेखर धरणी ने संस्था की गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि एसोसिएशन पत्रकारों से सदस्यता के नाम पर कोई पैसा नहीं लेती। पिछले पांच वर्षों से पत्रकारों को 10-10 लाख रुपये की दुर्घटना बीमा पॉलिसी और 10-10 लाख रुपये की टर्म इंश्योरेंस पॉलिसी निशुल्क उपलब्ध करवाई जा रही है।

इन पॉलिसियों का प्रत्येक वर्ष संस्था की ओर से निशुल्क नवीनीकरण किया जाता है। दुर्घटना की स्थिति में एक्सीडेंटल पॉलिसी और असामयिक मृत्यु की स्थिति में टर्म इंश्योरेंस परिवार को आर्थिक सुरक्षा देने का काम करती है।

धरणी ने बताया कि पत्रकारों के लिए कैशलेस हेल्थ इंश्योरेंस की सुविधा भी उपलब्ध करवाई जा रही है। वर्ष 2025-26 में संस्थापक सदस्यों को परिवार सहित कैशलेस हेल्थ इंश्योरेंस प्रदान किया गया है। भविष्य में इसका दायरा और विस्तारित करने की योजना है।

धरणी के अनुसार, संस्था की ओर से अब तक पत्रकारों और उनके परिवारों की सहायता पर करीब 48 लाख रुपये खर्च किए जा चुके हैं। बीमारी से जूझ रहे पत्रकारों को आर्थिक मदद देने के साथ-साथ पत्रकार की अचानक मृत्यु होने पर उसके परिवार की सहायता भी की गई है। कई मामलों में सरकारी स्तर पर सहायता दिलाने के लिए भी संस्था ने प्रयास किए हैं।

उन्होंने बताया कि भविष्य में संस्था के कार्यक्रमों में प्रतिवर्ष 50 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज कराने वाले सदस्यों को कैशलेस हेल्थ इंश्योरेंस सुविधा से जोड़ने की व्यवस्था की जा रही है।

एमडब्ल्यूबी ने पत्रकारों के साथ फील्ड में काम करने वाले कैमरामैनों को भी सुरक्षा दायरे में शामिल किया है। चंडीगढ़ में कैमरामैन के रूप में कार्यरत पत्रकारों को 10-10 लाख रुपये की दुर्घटना बीमा पॉलिसी उपलब्ध करवाने की पहल की गई है। इसके लिए वरिष्ठ पत्रकार संजय सिंह को कैमरामैन समिति का संयोजक बनाया गया है।

धरणी ने कहा कि फील्ड रिपोर्टिंग में पत्रकारों के साथ कैमरामैन भी जोखिमपूर्ण परिस्थितियों में काम करते हैं। इसलिए उनकी सुरक्षा को भी संस्था की योजनाओं में शामिल किया गया है।

एमडब्ल्यूबी की गतिविधियों में पत्रकार कल्याण के साथ पत्रकारिता के क्षेत्र में योगदान देने वाले पत्रकारों को सम्मानित करना भी शामिल है। संस्था की ओर से प्रत्येक वर्ष तीन प्रमुख पत्रकारिता सम्मान प्रदान किए जाते हैं।

इनमें पंजाब केसरी के संस्थापक अमर शहीद लाला जगत नारायण अवार्ड, पत्रकारिता रत्न अवार्ड और पत्रकारिता अलंकार अवार्ड शामिल हैं। इन पुरस्कारों के साथ आंशिक आर्थिक राशि भी प्रदान की जाती है।

संस्था का उद्देश्य पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले पत्रकारों को सम्मान देना और उनके कार्य को सार्वजनिक रूप से मान्यता प्रदान करना है।
इसके इलावा संस्था से जुड़े रहे दिवंगत पत्रकारों ज्ञानेंद्र भरतरिया, रमेश शर्मा, ज्योति संग की स्मृति मे उत्कृष्ट पत्रकारिता करने वाले पत्रकारों को संस्था उनके नाम से घोषित अवार्ड से सम्मानित भी करती है।

चंद्रशेखर धरणी ने संस्था के गठन और विस्तार में अनिल विज तथा केंद्रीय मंत्री एवं हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल के सहयोग को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं के मार्गदर्शन और सहयोग ने संस्था को आगे बढ़ाने में भूमिका निभाई है।उन्होंने पूर्व स्पीकर ज्ञान चंद्र गुप्ता, केबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी, विपुल गोयल स्पीकर हरविंद्र कल्याण के सहयोग के भी सराहना की।

धरणी के अनुसार, पत्रकारों के लिए कैशलेस मेडिकल पॉलिसी को साकार करने में अनिल विज का सहयोग महत्वपूर्ण रहा। उन्होंने कहा कि पत्रकार कल्याण से जुड़ी योजनाओं को विस्तार देने में ऐसे सहयोग से संस्था के प्रयासों को मजबूती मिलती है।

एमडब्ल्यूबी पत्रकारों के अलावा हरियाणा का नाम विभिन्न क्षेत्रों में गौरवान्वित करने वाली शख्सियतों को भी हरियाणा गौरव अवार्ड से सम्मानित करती है। शिक्षा, खेल, समाजसेवा, कला, संस्कृति और अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित करना संस्था की गतिविधियों का हिस्सा है।

Previous

प्रधानमंत्री कल 20वें रोजगार मेले में सरकार में 51 हजार से अधिक नव नियुक्त युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे

Next

अंबाला केंट रेलवे रोड पर नगर परिषद का बड़ा एक्शन; अतिक्रमणकारियों को दी सख्त हिदायत