अंबाला में नगर परिषद का एक्शन: अतिक्रमण करने वाले लोगों पर लगाया 20 हजार का जुर्माना
अंबाला, 11 अप्रैल (अन्नू): अंबाला नगर परिषद ने व्यवस्था सुधारने के लिए शुक्रवार को एक बड़ा अभियान चलाया। इस कार्रवाई के तहत कैंट के व्यस्त इलाकों जैसे 12 क्रॉस रोड, सदर बाजार और रामबाग रोड पर अवैध अतिक्रमण के खिलाफ कदम उठाए गए। अभियान के दौरान टीम ने सार्वजनिक स्थानों पर अवैध कब्जा करने वालों पर नकेल कसी। परिषद ने स्पष्ट किया कि सड़कों पर इस तरह का अवरोध बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
जुर्माना और अवैध निर्माण पर चला पीला पंजा
कार्रवाई के दौरान नगर परिषद की टीम ने खुले में मांस बेचने और सड़क पर पक्का फर्श बनाकर नारियल बेचने वाले 4 लोगों के चालान काटे। प्रत्येक व्यक्ति पर 5-5 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया, जिससे कुल 20 हजार रुपये की वसूली की गई। परिषद ने न केवल चालान किए, बल्कि दुकानों के बाहर अवैध रूप से बनाए गए पक्के फर्श को भी तोड़ दिया। साथ ही, दुकानों के बाहर रखे गए सामान, होर्डिंग्स और बोर्डों को जब्त कर लिया गया ताकि राहगीरों को आने-जाने में कोई असुविधा न हो।
भविष्य के लिए कड़ी चेतावनी और निर्देश
नगर परिषद के मुख्य स्वच्छता निरीक्षक सुनील दत्त के नेतृत्व में चली इस कार्रवाई के दौरान भारत माता चौक के पास से अवैध मांस विक्रेताओं को हटाया गया। नारियल विक्रेताओं को निर्देश दिए गए कि वे सड़क पर पक्का निर्माण करने के बजाय रेहड़ी पर ही अपना सामान बेचें। प्रशासन ने सभी दुकानदारों और वेंडरों को कड़ी हिदायत दी है कि यदि दोबारा अतिक्रमण किया गया, तो उनके खिलाफ और भी सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इस कार्रवाई से पूरे बाजार क्षेत्र में हड़कंप मचा रहा।
#AmbalaNews #MunicipalCouncil #EncroachmentDrive #AmbalaCantt #FineImposed #CityCleanliness #HaryanaNews #PublicSafety #DanikKhabar
Previous
अंबाला: आरटीओ की लोकेशन लीक करने वाला व्हाट्सएप ग्रुप एडमिन गिरफ्तार
Next