12/03/26

कुरुक्षेत्र: शादी से लौट रहे अग्निवीर जवान और चचेरी बहन की सड़क हादसे में मौत, भतीजा गंभीर रूप से घायल

हरियाणा/कुरुक्षेत्र, 12 मार्च (अन्‍नू): कुरुक्षेत्र जिले में खुशियों की तैयारियों के बीच मातम पसर गया, जब लाडवा-यमुनानगर हाईवे पर हुए एक भीषण सड़क हादसे ने 22 वर्षीय अग्निवीर जवान और उसकी 11 साल की चचेरी बहन की जान ले ली। यह दुखद घटना बुधवार रात उस समय हुई जब आर्यन अपनी बहन कनिका और 13 वर्षीय भतीजे अभि के साथ एक शादी समारोह से वापस घर लौट रहे थे। लाठी-धनौरा गांव के समीप एक अन्य कार द्वारा उनकी गाड़ी को टक्कर मारने से आर्यन की कार अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई, जिससे कार के परखच्चे उड़ गए और वह पास के खेत में जा पलटी।


मृतक आर्यन सिक्किम बॉर्डर पर तैनात था और पांच दिन पहले ही अपनी बुआ के घर आयोजित होने वाले भात के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए छुट्टी लेकर घर आया था। वहीं, हादसे में जान गंवाने वाली कनिका अपने माता-पिता की इकलौती संतान थी। इस दुर्घटना में आर्यन का भतीजा अभि भी गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसका इलाज कुरुक्षेत्र के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। उल्लेखनीय है कि अभि के माता-पिता वर्तमान में ऑस्ट्रेलिया में रहते हैं और वह यहाँ अपने चाचा के पास रह रहा था।


हादसे के समय आर्यन का चचेरा भाई अंकुश अपनी गाड़ी में उनके पीछे ही आ रहा था। उसने अपनी आंखों के सामने इस खौफनाक मंजर को देखा और तुरंत ग्रामीणों की मदद से घायलों को मलबे से बाहर निकाला। हालांकि, अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने आर्यन और कनिका को मृत घोषित कर दिया। लाडवा थाना प्रभारी गुरनाम सिंह ने बताया कि पुलिस ने अंकुश के बयान और आरोपी गाड़ी के नंबर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

#KurukshetraNews #RoadAccident #Agniveer #HaryanaNews #Ladwa #Tragedy #ArmyJawan #SafetyFirst #HaryanaPolice #DanikKhabar

Previous

आज का राशिफल ( 12 मार्च, 2026 )

Next

NCERT की पाठ्यपुस्तक में बड़ा बदलाव: भारतीय लेखकों को मिली प्रमुखता, 'कावेरी' में सुधा मूर्ति और रवींद्रनाथ टैगोर के पाठ शामिल