• 25/09/26

यमुनानगर में ऊर्जा मंत्री अनिल विज का कड़ा रुख, अधिकारियों को जन शिकायतों के शीघ्र समाधान के निर्देश

श्रम कानूनों के उल्लंघन पर एसएसएस सॉल्यूशन सर्विस कंपनी के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश

लापरवाही पर प्रदूषण विभाग के अधिकारी को चार्जशीट करने के निर्देश: अनिल विज

समाज कल्याण विभाग की गलती पर जांच के आदेश, जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक में सख्ती

चंडीगढ़, 25 सितंबर- हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन, श्रम मंत्री अनिल विज ने आज यमुनानगर में जिला लोक सम्पर्क एवं कष्ट निवारण समिति की अध्यक्षता करते हुए कड़े निर्णय लेते हुए और अधिकारियों को लोगों की शिकायतों का शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए। आज की बैठक में उन्होंने श्रम विभाग के अधिकारियों को श्रम कानूनों के उलंघन पर एसएसएस सॉल्यूशन सर्विस कंपनी के खिलाफ कार्यवाही करने के निर्देश दिए। इसके अलावा, प्रदूषण विभाग के अधिकारी द्वारा तय समय में कार्यवाही ने करने के चलते चार्जशीट करने, समाज कल्याण विभाग के अधिकारी द्वारा की गई गलती पर जांच के निर्देश दिये।

बैठक में पहले से निर्धारित 16 परिवाद रखे गए, जिनमें से हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन, श्रम मंत्री श्री अनिल विज ने 7 परिवादों का मौके पर ही समाधान कर दिया तथा शेष 9 परिवादों को आगामी बैठक तक हल करने के निर्देश दिए।

आज की बैठक में समस्त सिक्योरिटी गार्ड ने शिकायत दी कि एसएसएस सोल्यूशन सर्विस कंपनी ने उन्हें बढ़ा हुआ वेतन नहीं दिया और न ही ईएसआई कार्ड बनवाकर दिया है इस पर मंत्री ने दोनों परिवादों की दलीलें सुनने के बाद एसएसएस सॉल्यूशन सर्विस कंपनी के खिलाफ कार्यवाही करने के आदेश दिए और अपनी रिपोर्ट आगामी बैठक तक प्रस्तुत करने के आदेश दिए।

परिवादी सुनील कुमार गांव भोजपुर परवालों ने इंडियन प्लाईवुड के खिलाफ वायु प्रदूषण, जल प्रदूषण और मिट्टïी प्रदूषण इत्यादि एक्ट की उल्लंघना करने के खिलाफ कानूनी कार्यवाही कर प्लाईवुड को बंद करने बारे शिकायत दी इस पर मंत्री ने संबंधित अधिकारी के खिलाफ चार्जशीट करने के आदेश दिए। रवि किरण सुंदर नगर निवासी ने शिकायत दी कि उसे पेंशन विभाग द्वारा मृत घोषित करके उसकी पेंशन को बंद कर दिया गया है जबकि वह जिंदा है इस पर मंत्री ने उसकी पेंशन देने के तथा समाज कल्याण विभाग के अधिकारी द्वारा की गई गलती पर जांच के आदेश दिए। ऊषा रानी निवासी गांव भगवानपुर ने बिजली विभाग के खिलाफ शिकायत दी कि उसका बिजली बिल गलत बनाया गया है इस पर बिजली विभाग के अधिकारी ने दलील दी है कि उसका बिल ठीक कर दिया गया है जिस पर मंत्री ने इस परिवाद को फाइल करने के आदेश दिए।

हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन, श्रम मंत्री अनिल विज के सम्मुख परिवाद राम कुमार निवासी उधमगढ ने गांव में गन्दे पानी की निकासी बारे शिकायत दी थी, जिस पर मंत्री ने लोगों द्वारा नाजायज कब्जे वाली भूमि को तुरंत खाली करवाने के आदेश दिए ताकि गंदे पानी की निकासी हो सके। इस परिवाद को आगामी बैठक तक लंबित रखा गया। इसी प्रकार, परिवादी श्रीमती बरखा रानी ने एचडीएफसी लाइफ इंश्योरेंस कम्पनी व एचडीबी फाइनेंस सर्विस के खिलाफ शिकायत दी है, इस मामले की जांच अतिरिक्त उपायुक्त द्वारा पेश की गई और इस परिवाद में दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद इस परिवाद को कैबिनेट मंत्री ने फाइल करने के आदेश दिए।

बैठक में गांव अम्बली निवासियों ने सरकारी भूमि पर कब्जा करने से संबंधित शिकायत दी थी, इस परिवाद में दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद इस परिवाद को मंत्री ने फाइल करने के आदेश दिए। इसी प्रकार, सुमित गर्ग निवासी यमुनानगर की शिकायत पर दोनों पक्षों को सुनने के बाद इस परिवाद को लंबित रखा गया। एक अन्य परिवाद में प्रवेश कुमार ने बैंक अधिकारी एवं एजेंटों के खिलाफ शिकायत दी थी, इस परिवाद में दोनों पक्षों को सुनने के बाद इस परिवाद को कैबिनेट मंत्री ने फाइल करने के आदेश दिए। इसी प्रकार, नीरज गुप्ता कालिन्दी कॉलोनी निवासी ने लाल द्वारा रोड़ से ओल्डज होम तक बरसाती नाले की पाईप लाईन अधूरी डालने बारे व दुकानों के अतिक्रमण बारे शिकायत दी थी जिसमें दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद समस्या का समाधान कर कैबिनेट मंत्री ने फाईल करने के आदेश दिए।

बैठक में समस्त हरबंसपुरा वासी, तहसील जगाधरी ने जिला यमुनानगर में हरबंस पुरा कॉलोनी व वार्ड नंबर 16, नजदीक गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा के सामने गुरूद्वारा भू-गृह के कारण बीस फुट चौड़ी गली पर अवैध कब्जा हटाए जाने और पूरी गली के प्रयोग में लाए जाने हेतु शिकायत दी थी जिसे मंत्री ने उनकी दलीलें सुनने के बाद इस परिवाद को आगामी बैठक तक लंबित रखने के आदेश दिए। ऐसे ही, परिवादी गंभीर सिंह गांव बूडिय़ा निवासी ने नगर निगम व कार्यकारी अभियंता जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी व लोक निर्माण विभाग के खिलाफ शिकायत दी थी कि उसके खेतों के नजदीक सडक़ पर बनी पुलिया, शहर के पानी व सीवरेज की निकासी तथा पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा नाले को कच्चा छोड़ दिया गया है जिस कारण उसके खेतों की फसल को नुकसान हो रहा है जिस पर उनकी दलीलें सुनने के बाद इस परिवाद को कैबिनेट मंत्री ने आगामी बैठक तक लंबित रखने के आदेश दिए।

इसी प्रकार, जगाधरी निवासी गुरूदेव सिंह वालिया ने मार्किट नंबर-1 के दोनों शौचालय तोडक़र 20 फुट रास्ता बीच में से मिलाकर शौचालय बनाने बारे शिकायत दी थी जिसको दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद इस परिवाद को कैबिनेट मंत्री ने फाईल करने के आदेश दिए। गांव घोड़ा पीपली निवासी संदीप कुमार ने शिकायत दी कि मौजूदा सरपंच ने बिना अनुमति लिए पानी निकासी का नाला रोड़ से ऊंचा कर दिया जिस कारण बरसाती पानी निकलने का रास्ता बंद हो गया व सडक़ पर पानी खड़ा होने, नाले की लिकेज व बीमारी फैलने का डर होने व गांववासियों द्वारा आने-जाने के मार्ग में समस्या का सामना करना पड़ता है जिसपर कैबिनेट मंत्री ने समस्या का समाधान सुनने के उपरांत फाईल करने के आदेश दिए।

थाना छप्पर निवासी वरूण चावला ने कैनरा बैंक व्यासपुर द्वारा 60 लाख की ठगी बारे शिकायत दी थी इस संदर्भ में मंत्री ने एसपी यमुनानगर को जांच के आदेश दिए और अगली बैठक में अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करने के आदेश दिए इसलिए यह परिवार आगामी बैठक तक लंबित कर दिया गया। कलावड़ निवासी रमेश कुमार ने ग्राम पंचायत कलावड़ द्वारा दबे पाइपों को खुलवाने बारे शिकायत दी इस पर मंत्री ने एसडीएम और जिला लोक सम्पर्क एवं कष्ट निवारण समिति के सदस्यों की कमेटी बनाई और कमेटी को जांच कर रिपोर्ट आगामी बैठक तक प्रस्तुत करने के आदेश दिए।

इस अवसर पर उपायुक्त प्रीति, पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल, अतिरिक्त उपायुक्त नवीन आहूजा, भाजपा के जिला अध्यक्ष राजेश सपरा, जिला परिषद के चेयरमैन रमेश चंद ठसका, जगाधरी के एसडीएम विश्वनाथ, व्यासपुर के एसडीएम डॉ. कुलदीप सिंह, छछरौली के एसडीएम जसपाल सिंह गिल, रादौर के एसडीएम नरेन्द्र कुमार, जिला परिषद के सीईओ ब्रह्म प्रकाश, नगराधीश पीयूष गुप्ता, डीआरओ तरुण सहोता, डीडीपीओ नरेन्द्र सिंह, डीआईपीआरओ डॉ. मनोज कुमार, जिला शिक्षा अधिकारी प्रेम लता, मार्किट कमेटी के चेयरमैन राकेश त्यागी, सिविल सर्जन डॉ. दिव्या मंगला सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी तथा जिला लोक सम्पर्क एवं कष्ट निवारण समिति के सरकारी एवं गैर सरकारी सदस्य सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

.........

Previous

दैनिक खबर: आज 25 सितंबर , 2026 के शाम 6 बजे के मुख्य समाचार

Next

अंबाला: ग्राम सभाओं के कार्यों को निर्धारित समय में पूरा करवाएं अधिकारी – उपायुक्त सचिन गुप्ता