नशा तस्करी मामले में 10 लाख का इनामी 'मनोज भुटेली' गिरफ्तार, गुरुग्राम से एसटीएफ और नारकोटिक्स टीम ने दबोचा
हरियाणा/गुरुग्राम, 23 फरवरी (अन्नू ): नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) की टीम ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए वांछित अपराधी मनोज उर्फ भुटेली को हरियाणा के गुरुग्राम से गिरफ्तार कर लिया है। बिहार के गोपालगंज जिले का निवासी मनोज लंबे समय से पुलिस की रडार पर था और उस पर 10 लाख रुपये का भारी-भरकम इनाम घोषित था। आरोपी पर आरोप है कि उसने करीब पौने तीन साल पहले रोहतक में भारी मात्रा में चरस की खेप सप्लाई की थी, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लाखों में आंकी गई थी।
इस मामले की जड़ें मई 2023 की एक घटना से जुड़ी हैं। उस समय पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बिहार से एक तस्कर जींद के निवासी राजबीर सिंह को नशीले पदार्थों की डिलीवरी देने रोहतक के पुराने बस स्टैंड के पास आने वाला है। पुलिस की छापेमारी के दौरान धर्मेंद्र नामक युवक को रंगे हाथों पकड़ा गया था, जिसके पास से 8 किलो 100 ग्राम चरस बरामद हुई थी। उस वक्त बरामद की गई इस खेप की कीमत लगभग आठ लाख रुपये थी। पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों ने कुबूल किया था कि यह नशा मनोज उर्फ भुटेली ने ही बिहार से भिजवाया था।
ताजा कार्रवाई में रोहतक की स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो और एसटीएफ भौंडसी ने एक संयुक्त अभियान चलाकर मनोज को काबू किया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड की मांग की। जांच अधिकारियों का तर्क था कि नशा तस्करी के नेटवर्क और संपर्कों का पता लगाने के लिए वह मोबाइल फोन बरामद करना जरूरी है, जिससे मनोज अन्य तस्करों से बात करता था। हालांकि, अदालत में दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद न्यायाधीश ने पुलिस को आरोपी की रिमांड देने से इनकार कर दिया।
#DrugTrafficking #NarcoticsControlBureau #CrimeNews #HaryanaPolice #Gopalganj #RohtakNews #DrugFreeIndia #STF #BreakingNews