29/04/26

अंबाला में एसटीएफ की बड़ी कामयाबी: गैंगस्टर रोहित गोदारा के दो शार्प शूटर हथियारों सहित गिरफ्तार

अंबाला, 29 अप्रैल (अन्‍नू): अंबाला पुलिस और एसटीएफ (STF) ने एक बड़ी वारदात को नाकाम करते हुए विदेश में बैठे गैंगस्टर रोहित गोदारा के दो शार्प शूटरों को गिरफ्तार किया है। आरोपी अंबाला कैंट की शास्त्री कॉलोनी के पास नेशनल हाईवे-44 पर किसी बड़ी साजिश को अंजाम देने की फिराक में थे और अपने आकाओं के अगले निर्देशों का इंतजार कर रहे थे। समय रहते एसटीएफ की टीम ने घेराबंदी कर दोनों को धर दबोचा।



विदेशी हथियार और कारतूस बरामद


पुलिस ने आरोपियों के पास से एक विदेशी मार्का देशी पिस्तौल, दो मैगजीन और पांच कारतूस बरामद किए हैं। पकड़े गए शूटरों की पहचान आगरा निवासी भूपेंद्र सिंह उर्फ थापा और राजस्थान के भरतपुर निवासी नितिन उर्फ जट्टा के रूप में हुई है। एसटीएफ की कार्रवाई के बाद पड़ाव थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संगठित अपराध से जुड़ी धाराओं (111(2), 111(3), 111(4)) और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।


सात दिन की रिमांड पर शूटर, खुलेंगे बड़े राज


मंगलवार को दोनों आरोपियों को स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहाँ से उन्हें सात दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। पूछताछ में शूटरों ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उन्होंने बताया कि उन्हें गैंगस्टर रोहित गोदारा और उसके साथियों—बीकानेर निवासी जेपी, जयपुर निवासी देवेंद्र और वीरेंद्र चारण—द्वारा हथियार मुहैया कराए गए थे। इन्हें अंबाला भेजा गया था और स्पष्ट निर्देश थे कि शहर पहुँचने के बाद ही इन्हें उनके 'टार्गेट' की जानकारी दी जाएगी। पुलिस अब रिमांड के दौरान इन शूटरों से गहन पूछताछ कर रही है, जिससे इस नेटवर्क के अन्य सदस्यों और उनके आगामी मंसूबों का पता लगाया जा सके।



#AmbalaNews #STFAction #RohitGodaraGang #CrimeReport #HaryanaPolice #SharpShootersArested #NationalHighway44 #OrganizedCrime #DanikKhabar

Previous

अंबाला के खिलाड़ियों का नेशनल जिम्नास्टिक चैंपियनशिप में दबदबा: योगेश्वर सिंह बने रनर-अप, जीते कई पदक

Next

अंबाला में आईजी पंकज नैन की सख्ती: अपराध नियंत्रण के लिए पुलिस अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश