सोनीपत रेलवे स्टेशन पर जासूसी का बड़ा खुलासा: हाई-वोल्टेज पोल पर लगा मिला खुफिया कैमरा
हरियाणा/सोनीपत, 19 मार्च (अन्नू): हरियाणा के सोनीपत रेलवे स्टेशन पर देश की सुरक्षा में सेंध लगाने की एक बेहद गंभीर और चौंकाने वाली साजिश का पर्दाफाश हुआ है। स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर तीन के समीप एक हाई-वोल्टेज बिजली के पोल पर अवैध रूप से लगाया गया खुफिया कैमरा बरामद किया गया है। प्रारंभिक जांच में यह अंदेशा जताया जा रहा है कि इस कैमरे के माध्यम से रेलवे स्टेशन की संवेदनशील गतिविधियों की लाइव फुटेज सीधे सीमा पार बैठे पाकिस्तानी हैंडलर्स को भेजी जा रही थी। इस खुलासे के बाद राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA), आईबी और दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल समेत तमाम एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गई हैं।
जांच में सामने आया है कि यह कोई मामूली चोरी या शरारत नहीं, बल्कि एक सुनियोजित नेटवर्क का हिस्सा था। गाजियाबाद पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की संयुक्त टीम बुधवार को आरोपी प्रवीण को लेकर सोनीपत पहुंची, जहाँ उसकी निशानदेही पर पोल नंबर 42/27 से इस हाईटेक सोलर आईपी कैमरे को उतारा गया। बताया जा रहा है कि यह कैमरा करीब 18 दिनों तक सक्रिय रहा और इसके जरिए स्टेशन के सभी पांचों प्लेटफार्मों पर नजर रखी जा रही थी। सुरक्षा एजेंसियों के लिए सबसे चिंताजनक बात यह है कि आरोपियों ने दिल्ली के चांदनी चौक से सोलर आधारित कैमरे खरीदकर बेहद शातिर तरीके से इन्हें इंस्टॉल किया था।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इस साजिश को अंजाम देने के लिए स्थानीय युवकों को चंद रुपयों का लालच देकर मोहरा बनाया गया था। आरोपी प्रवीण और उसके साथियों को एक संदिग्ध युवक के माध्यम से करीब 10 हजार रुपये का लालच दिया गया था। ये आरोपी 26 फरवरी को एक्सप्रेस ट्रेन से सोनीपत पहुंचे थे और रात के अंधेरे में करीब 4-5 घंटे की मेहनत के बाद कैमरा लगाकर टैक्सी से वापस लौट गए थे। हैरान करने वाली बात यह है कि इतने दिनों तक रेलवे पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी और अलर्ट जारी होने के बाद ही इस जासूसी उपकरण का पता चल सका।
इस पूरे मामले में गाजियाबाद पुलिस अब तक एक महिला सहित 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। पकड़े गए आरोपियों में सुहेल मलिक उर्फ रोमियो, शाने करम, प्रवीण, राज, शिव और रितिक शामिल हैं। आरोपियों ने अपनी पहचान छिपाने के लिए फर्जी सिम कार्डों का भी इस्तेमाल किया था। फिलहाल पुलिस और तकनीकी विशेषज्ञ यह पता लगाने में जुटे हैं कि इस कैमरे का डिजिटल एक्सेस किन-किन लोगों के पास था। बरामद कैमरे को लैब भेज दिया गया है ताकि इसकी तकनीक और डेटा शेयरिंग के तरीकों का सटीक विश्लेषण किया जा सके।
#SonipatNews #RailwaySecurity #EspionageAlert #HaryanaPolice #SpyCamera #NationalSecurity #NIAProbe #RailwayUpdate #BreakingNews #DanikKhabar