रेवाड़ी में भ्रष्टाचार पर कड़ा प्रहार: रिश्वत लेते कुंड चौकी इंचार्ज और ASI गिरफ्तार
हरियाणा/रेवाड़ी, 01 मई (अन्नू): हरियाणा के रेवाड़ी जिले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए कुंड चौकी इंचार्ज सब इंस्पेक्टर योगेश कुमार और एएसआई (ASI) कुलदीप को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है. मामला एक चोरी की बाइक की सुपरदारी (वापसी) से जुड़ा है. गांव नांधा के निवासी श्रवण कुमार की बाइक 19 अप्रैल को एक होटल के बाहर से चोरी हो गई थी, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया था. हालांकि कोर्ट ने बाइक मालिक के पक्ष में सुपरदारी का आदेश दे दिया था, लेकिन इसके बावजूद पुलिस अधिकारी बाइक छोड़ने के बदले 7 हजार रुपये की रिश्वत की मांग कर रहे थे.
कॉल रिकॉर्डिंग ने खोली पुलिसकर्मियों की पोल
पीड़ित श्रवण कुमार ने जब चौकी इंचार्ज और एएसआई से संपर्क किया, तो उन्होंने उसे कई दिनों तक चक्कर कटवाए और अंततः पैसों की डिमांड की. पीड़ित ने सतर्कता दिखाते हुए पुलिसकर्मियों के साथ हुई बातचीत की कॉल रिकॉर्डिंग कर ली और इसकी शिकायत गुरुग्राम एसीबी टीम से की. एसीबी ने शिकायत और रिकॉर्डिंग की सत्यता की पुष्टि करने के बाद आरोपियों को पकड़ने के लिए जाल बिछाया.
एसीबी का ट्रैप और रंगे हाथों गिरफ्तारी
गुरुवार देर शाम, योजना के अनुसार श्रवण कुमार रिश्वत की राशि लेकर कुंड चौकी पहुंचा. जैसे ही एएसआई कुलदीप ने रिश्वत के 7 हजार रुपये लिए, पहले से तैयार एसीबी की टीम ने उसे रंगे हाथों दबोच लिया. इसके बाद रिश्वत की मांग करने वाले चौकी इंचार्ज योगेश कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया गया. दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है और उन्हें अदालत में पेश किया जा रहा है.
भ्रष्टाचार के खिलाफ अपील
एसीबी के अधिकारियों ने जनता से अपील की है कि यदि कोई भी सरकारी कर्मचारी किसी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो तुरंत इसकी सूचना टोल फ्री नंबर 1800-180-2022 या 1064 पर दें. विभाग ने आश्वासन दिया है कि शिकायतकर्ता की पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी
#RewariNews #ACBAction #HaryanaPolice #CorruptionFreeIndia #BreakingNewsHaryana #AntiCorruptionBureau #PoliceNews #DanikKhabar
Previous
दिल्ली: सफदरजंग एनक्लेव फायरिंग मामले में वांछित बदमाश नदीम गिरफ्तार
Next