कुरुक्षेत्र पुलिस की बड़ी कार्रवाई: एनकाउंटर के बाद दबोचा गया मुख्य शूटर, पुलिस पर भी चलाई गोलियां
कुरुक्षेत्र, 03 मई (अन्नू): कुरुक्षेत्र लाडवा के हिनौरी रोड पर बीती रात सीआईए-1 की टीम और बदमाशों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हुई। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध युवक बिना नंबर की बाइक पर इलाके में घूम रहा है। जब टीम ने उसे रोकने की कोशिश की, तो उसने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। दोनों ओर से करीब 8 से 10 राउंड गोलियां चलीं। इस दौरान एक गोली कांस्टेबल विकास कुमार की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी, जिससे उनकी जान बाल-बाल बच गई। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दोनों पैरों में गोलियां लगीं, जिसके बाद उसे काबू कर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
नोनी राणा गैंग का मुख्य गुर्गा गिरफ्तार
पकड़ा गया आरोपी अर्जुन, उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले का निवासी है और वह कुख्यात नोनी राणा गैंग का मुख्य शूटर बताया जा रहा है। पुलिस ने उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई पिस्टल और बिना नंबर की एक बाइक बरामद की है। सीआईए इंचार्ज प्रतीक कुमार के अनुसार, आरोपी के पूरी तरह ठीक होने के बाद उसे औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर पूछताछ की जाएगी। इस मामले में पुलिस मोहाली निवासी विशाल और अरुणवीर को पहले ही जेल भेज चुकी है।
दहशत फैलाने के लिए की थी अंधाधुंध फायरिंग
बता दें कि बीती 15-16 अप्रैल की रात को अर्जुन ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर लाडवा स्थित चेयरमैन रजनीश बंसल के आवास पर 18 राउंड से ज्यादा गोलियां चलाई थीं। फायरिंग से पहले बदमाशों ने घर के अंदर एक धमकी भरी पर्ची भी फेंकी थी। इस हमले का मुख्य उद्देश्य चेयरमैन को डराना और उनसे रंगदारी वसूलना था। इससे पहले जनवरी 2025 में भी रजनीश बंसल से फोन पर रंगदारी मांगी गई थी, जिसे न देने पर बदमाशों ने इस वारदात को अंजाम दिया।
रंगदारी और पुरानी रंजिश का मामला
चेयरमैन के घर पर काम करने वाले कर्मचारी के अनुसार, बदमाश काफी समय से पैसों की मांग को लेकर रंजिश रखे हुए थे। डराने के मकसद से की गई इस फायरिंग में घर के शीशे चकनाचूर हो गए थे, हालांकि उस वक्त अंदर मौजूद कर्मचारी सुरक्षित रहा था। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस पूरी साजिश के पीछे और कौन-कौन से चेहरे शामिल हैं और गैंग का नेटवर्क कहां तक फैला हुआ है।
#KurukshetraPolice #LadwaEncounter #CrimeUpdate #HaryanaNews #PoliceAction #GangsterArrested #SafetyFirst #LawAndOrder #DanikKhabar
Previous
जन सहभागिता से जल संरक्षण में मध्यप्रदेश देश में अव्वल : मुख्यमंत्री मध्यप्रदेश
Next