हिसार के अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा का किया अनावरण
चंडीगढ़, 31 मार्च (अभी): केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने आज हिसार के अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा का अनावरण किया। यहां पर उन्होंने 30 बेड के आईसीयू यूनिट का भी लोकार्पण किया। इसके अलावा कंद्रीय गृहमंत्री ने पीजी हॉस्टल का किया शिलान्यास। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि हरियाणा सरकार ने बिना पर्ची और खर्ची के 80 हजार युवाओं को नौकरी दी है। हरियाणा का बजट आप देखेंगे तो हुड्डा साहब 36 हजार पर छोड़कर गए थे, सीएम सैनी ने इसे 2 लाख पार कर दिया। अमित शाह ने कहा कि ओपी जिंदल की पुण्यतिथि भी है। वे इस प्रदेश के बड़े राजनेता रहे हैं और देश के अग्रणी उद्योगपतियों में भी उनका नाम लिया जाता है। इन सबके साथ-साथ, उनके संस्कार ऐसे थे कि वे कारोबार से पहले समाज की चिंता करते थे। इसी का सुफल है कि आज इतना बड़ा अस्पताल है, जहां करीब पांच लाख लोग ओपीडी में सेवा लेते हैं। लगभग हर साल 180 के आसपास बच्चे यहां से मेडिकल ग्रेजुएट और पीजी में आगे बढ़ते हैं। इस दौरान कुरुक्षेत्र से सांसद नवीन जिंदल ने अपने ड्रीम प्रोजेक्ट कैंसर अस्पताल की मांग रखी, लेकिन इसकी घोषणा नहीं हुई। इस पर सीएम सैनी ने कहा कि झज्जर में कैंसर इंस्टीट्यूट बन रहा है।
अनूठे शासक थे महाराजा अग्रसेन
केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि महाराजा अग्रसेन एक अनूठे शासक थे। लगभग 5300 साल पहले उनके शासनकाल में जो आता है, वह आते ही लखपति होगा व महल प्राप्त करेगा, ऐसा सोच थी। उस समय के एक लाख रुपये व एक लाख ईंट की कीमत आज के समय में कीमत मत देखिए। उस समय सिर्फ धनाढय के पास ही पैसा होता था। बाकी व्यापार को सामान के बदले सामान से चलता था। समृद्धि का इतना सुचारू रूप से राज्य पर आर्थिक बोझ डाले बिना हर व्यक्ति के कल्याण का रास्ता शायद आज तक किसी ने न ढूंढा और न किसी ने जमीन पर उतारा है। महाराजा अग्रसेन बहुत वीर योद्धा थे। महाभारत के युद्ध में भी इन्होंने हिस्सा लिया था। उन्होंने उस समय पूरे राज्य के संस्कारों को सिंचित करने का काम किया। इतने साल भी अग्रवाल समाज के जितने भी गौत्र है, हर व्यक्ति उद्यमी है, देश को समर्पित है। ऐसा व्यक्ति आज हम सभी के लिए आदर्श होना चाहिए। उन्हीं की राह पर चलते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मेडिकल क्षेत्र में ढेर सारा काम किया है। 64 हजार करोड़ रुपये पब्लिक हेल्थ व कम्युनिटी हेल्थ सेंटर पर खर्च किए। 763 इंटीग्रेटेड पब्लिक हेल्थ लेन बनाए। 4382 ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट बनाए। 602 क्रिटिकल केयर बॉक्स 10 साल में बनाए। वर्ष 2013-14 के बजट में 37 हजार करोड़ रुपये स्वास्थ्य के लिए बजट था और वर्ष 2025-26 में एक लाख 37 हजार करोड़ रुपये हो गया।
हर जिले में स्थापित किए जा रहे हैं मेडिकल कॉलेज
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि महाराजा अग्रसेन मेडिकल कॉलेज पिछले 36 वर्षों से रोगियों की महान सेवा कर रहा है। इस समय यहां पर एमबीबीएस की 100 सीटें व पीजी की 85 सीटें हैं। यहां की ओपीडी में हर साल 5 लाख से अधिक यहां मरीज आते हैं, जो इस मेडिकल कॉलेज से लाभ लेते हैं। महाराज अग्रसेन एक महान विभूति थे। इन्होंने हजारों साल से इसी अग्रोहा की वैभवशाली राजधानी से पूरे संसार को लोकतंत्र, आपसी प्रेम और अहिंसा का संदेश दिया था। उनका गणतंत्र दुनिया के सबसे बड़े गणतंत्र भारत की नींव है। महाराजा अग्रसेन ने ऐसी परंपरा डाली थी, जो भी परिवार अग्रोहा में रहने आए, उसे यहां के लोग एक ईंट व एक रुपया देंगे, जिससे बाहर से आने वाले परिवार के पास एक लाख ईंट व एक लाख रुपये इकट्ठे जाते थे। इससे वह यहां रहने के लिए अपना मकान व रोजगार भी खुशहाली से करता था। हमें खुशी हैं कि हमने उनकी शिक्षाओं व सिद्धांतों की याद बनाए रखने के लिए हवाई अड्डे का नाम भी महाराजा अग्रसेन के नाम पर रखा है।
प्रधानमंत्री ने देश को मेडिकल हब बनाने का विजन रखा है, इसके लिए पर्याप्त संख्या में चिकित्सकों व पैरामेडिकल का होना जरूरी है। इसके लिए हम हर जिले में एक मेडिकल कॉलेज स्थापित कर रहे हैं। इस समय प्रदेश में मेडिकल कॉलेजों की संख्या 15 हो गई है। इसमें से 9 कॉलेज पिछले 10 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में खुले हैं और 9 निर्माणाधीन हैं। इनके अलावा बाढ़सा जिला झज्जर में राष्ट्रीय कैंसर संस्थान खोला गया है। वहीं माजरा जिला रेवाड़ी में एम्स स्थापित किया जा रहा है। मैंने बजट प्रस्तुत किया है। इसमें स्वास्थ्य का बजट 9931 करोड़ रुपये के बजट को बढ़ाकर 10159 करोड़ रुपये किया है। अगले वित्त वर्ष में पंचकूला, पानीपत, फरीदाबाद, सोनीपत, पलवल, सिरसा, कैथल व महेंद्रगढ़ में मेडिकल कॉलेज और नूंह में अति आधुनिक मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य केंद्र स्थापित किए जाएंगे।