12/04/25

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला पुलवामा में शहीद हुए सीआरपीएफ जवान हेमराज मीणा की पुत्री के विवाह रस्मों में शामिल हुए

आरएस अनेजा, 12 अप्रैल नई दिल्ली

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने वर्षों पहले किया वादा निभाकर एक भावपूर्ण मिसाल कायम की और शुक्रवार को सांगोद/कोटा में सीआरपीएफ के दिवंगत जवान हेमराज मीणा और वीरांगना मधुबाला की पुत्री के विवाह समारोह में शामिल हुए।

पुलवामा हमले में देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले हेमराज मीणा की शहादत के छह साल बाद शुक्रवार को पहली बार उनके आंगन में खुशियों का माहौल था, जब परिवार और रिश्तेदार उनकी पुत्री रीना की शादी के लिए एकत्र हुए थे। सीआरपीएफ के दिवंगत जवान हेमराज मीणा की पत्नी वीरांगना मधुबाला सहित पूरे परिवार के लिए यह बेहद खुशी का पल था। 2019 में श्री मीणा की शहादत के बाद से लोकसभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला वीरांगना मधुबाला के 'राखी-भाई' के रूप में कठिन समय में शहीद के परिवार के साथ खड़े रहे।

तब से लेकर अब तक इस "भाई" ने न सिर्फ परिवार का साथ दिया बल्कि अपना वादा भी निभाया। कल जब मधुबाला की पुत्री के विवाह का समय आया, तो यह "भाई" मायरा/भात लेकर अपनी बहन के घर पहुंचा और यह अनुपम रस्म निभाई। 'बहन' मधुबाला और उनके 'भाई' के बीच इस भावनात्मक जुड़ाव को देखकर वहां मौजूद हर कोई अभिभूत हो गया। आखिर यह कोई और नहीं, बल्कि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला थे, जो पुलवामा शहीद हेमराज मीणा की पुत्री के विवाह में मायरा लेकर पहुंचे थे।

Previous

राज्यपाल ने हनुमान मंदिर में "श्री हनुमन्त जन्मोत्सव" आरती समारोह में भाग लिया

Next

राष्ट्रपति ने स्लोवाकिया में कल भारतीय समुदाय के सदस्यों को संबोधित किया