08/01/26

लघु बाल भवन अम्बाला छावनी में लोहड़ी उत्सव, आईएएस संगीता तेतरवाल ने बच्चों के साथ मनाया लोहड़ी पर्व

जे कुमार अम्बाला 8 जनवरी 2026 : हरियाणा बाल कल्याण परिषद के सौजन्य एवं उपायुक्त अजय सिंह तोमर के मार्गदर्शन में लोहड़ी पर्व के उपलक्ष्य में आज लघु बाल भवन, अंबाला छावनी में लोहड़ी उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपायुक्त अजय सिंह तोमर की धर्मपत्नी तथा हरियाणा सरकार के नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विभाग की निदेशक व विशेष सचिव (आईएएस) संगीता तेतरवाल ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।


मुख्यातिथि ने स्लम एरिया, झुग्गी बस्तियों, अनाश्रित बच्चों एवं बाल भवन से जुड़े बच्चों के साथ लोहड़ी पर्व मनाया तथा बच्चों को गर्म जैकेट, मूंगफली, रेवड़ी व गचक वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर सीईओ शिवालिक बोर्ड पूजा कुमारी भी उपस्थित रहीं। जिला बाल कल्याण अधिकारी विश्वास मलिक सहित अन्य अधिकारियों ने मुख्यातिथि का स्वागत एवं अभिनंदन किया।


आईएएस संगीता तेतरवाल ने उपस्थित सभी को नववर्ष, लोहड़ी एवं मकर सक्रांति की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ये पर्व जीवन में खुशियां, साकारात्मक ऊर्जा और नई शुरुआत का संदेश देते हैं। उन्होंने बच्चों के साथ बैठकर संवाद किया और उन्हें जीवन में आगे बढऩे के लिए प्रेरित किया। बच्चों से उनके भविष्य के सपनों के बारे में पूछते हुए उन्होंने कहा कि लक्ष्य निर्धारित कर पूरी मेहनत व लगन से पढ़ाई करें। शिक्षा ही जीवन में आगे बढऩे का सबसे सशक्त माध्यम है। उन्होंने बच्चों को नियमित अध्ययन, सांस्कृतिक गतिविधियों और खेल-कूद में भाग लेने के लिए भी प्रेरित किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ बाल भवन की बच्ची तान्या द्वारा गणेश वंदना से किया गया। मास्टर कुनाल ने ढोल प्रस्तुति दी, तनिषा शर्मा ने भक्ति नृत्य प्रस्तुत किया, वहीं अन्य बच्चों ने भी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया, जिसकी मुख्यातिथि व उपस्थित अतिथियों ने सराहना की।


जिला बाल कल्याण अधिकारी विश्वास मलिक ने मुख्यातिथि का धन्यवाद करते हुए बताया कि उपायुक्त अजय सिंह तोमर के मार्गदर्शन में स्लम एरिया व बाल भवन से जुड़े बच्चों के लिए निरंतर कल्याणकारी गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि नववर्ष के अवसर पर आयोजित हैप्पीनेस कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त द्वारा बच्चों के लिए गर्म जैकेट उपलब्ध कराने हेतु अपना एक माह का वेतन देने की घोषणा की गई थी, जिसके अंतर्गत आज लोहड़ी उत्सव में बच्चों को जैकेट वितरित की गईं। उन्होंने कहा कि बाल भवन के माध्यम से बच्चों को नि-शुल्क शिक्षा, खेल, सांस्कृतिक एवं कौशल विकास का प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जिसमें कैरियर परामर्श, नैतिक शिक्षा, थिएटर, नृत्य, ललित कला, योग, मार्शल आर्ट, कंप्यूटर, सिलाई-कढ़ाई, ब्यूटी पार्लर एवं खेल गतिविधियां शामिल हैं, ताकि बच्चों को आत्मनिर्भर बनाया जा सके।


इस अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बच्चों की प्रस्तुतियों का सभी ने भरपूर आनंद लिया। कार्यक्रम में जिला बाल कल्याण अधिकारी विश्वास मलिक, कार्यक्रम अधिकारी राजेश पूनिया अन्य अधिकारीगण एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

#Lohri2026 #AmbalaCantt #BalBhawanAmbala #IAS #SangeetaTetarwal #LohriCelebration #SocialWelfare #AmbalaNews #EmpoweringChildren #FestivalVibes

Previous

नाथ संप्रदाय के संत श्री महंत प्रेमनाथ योगी जी को दी गई भू-समाधि; नीरज नाथ बने उत्तराधिकारी

Next

भारतीय मजदूर संघ का ऐलान: 8 जनवरी को अंबाला में सहकारी बैंक कर्मचारियों का बड़ा आंदोलन