यमुनानगर: पुलिस और वन्य जीव विभाग की बड़ी कार्रवाई; लावारिस बैग से बरामद किए 32 दुर्लभ कछुए
यमुनानगर, 3 सितंबर (अन्नू): हरियाणा के यमुनानगर में पुलिस और वन्य जीव विभाग ने संयुक्त रूप से वन्य जीवों की अवैध तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। गश्त के दौरान पुलिस टीम ने एक लावारिस बैग से 32 दुर्लभ प्रजाति के कछुए बरामद किए हैं।
वन्य जीव विभाग के निरीक्षक लीलू राम ने बताया कि मंगलवार देर रात पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान ईएचसी गुरदीप को बाइक सवार एक युवक पर संदेह हुआ जो एक बैग ले जा रहा था। पुलिस ने जब उसे रोककर पूछताछ की, तो उसने अपना नाम आनंद मार्केट निवासी आयुष सैनी बताया। हालांकि, पूछताछ के दौरान ही आरोपी आयुष सैनी पुलिस को चकमा देकर अपनी मोटरसाइकिल और बैग मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया।
बैग में मिले 22 इंडियन स्टार टॉरटोइज और 10 ब्लैक पॉन्ड टर्टल
पुलिस टीम ने जब मौके पर छोड़े गए बैग की तलाशी ली, तो उसमें से 32 दुर्लभ कछुए मिले। इनमें 22 'इंडियन स्टार टॉरटोइज' (Indian Star Tortoise) और 10 'ब्लैक पॉन्ड टर्टल' (Black Pond Turtle) शामिल हैं। ये दोनों ही प्रजातियां वन्य जीव संरक्षण कानून के तहत अति-संरक्षित श्रेणी में आती हैं और इनका शिकार या तस्करी पूरी तरह से गैर-कानूनी है।
कलेसर वन्य जीव विभाग की टीम ने कछुओं को कब्जे में लिया; आरोपी पर FIR दर्ज
घटना की सूचना तुरंत वन्य जीव विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही कलेसर वन्य जीव विभाग से वन्य जीव संरक्षक संजीव कुमार और सुमीत कुमार मौके पर पहुंचे और नियमानुसार कछुओं को अपने कब्जे में लिया।
इस संबंध में थाना सिटी यमुनानगर में फरार आरोपी आयुष सैनी के खिलाफ वन्य जीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 की विभिन्न धाराओं (2, 9, 39, 42, 44, 49B, 50, 51 और 57) के तहत मामला दर्ज (FIR) कर लिया गया है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।
#YamunanagarNews #WildlifeProtection #HaryanaPolice #KalesarNationalPark #CrimeNews #HaryanaNews #DanikKhabar #BreakingNews
Previous
यमुनानगर: जगाधरी में जमानत पर आए मनचले की हैवानियत; घर में घुसकर महिला की चाकू गोदकर हत्या
Next