अमृतसर के वड्डाला भिटेवाड़ में देर रात गोलियां चलीं, ड्रग्स बेचने से रोकने पर युवक घायल
अमृतसर, 29 नवम्बर, 2025: अमृतसर के वड्डाला भिटेवाड़ गांव में देर रात उस समय दहशत का माहौल बन गया, जब अचानक गोलियां चलीं और एक युवक दिलबाग सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीणों के अनुसार, दो अज्ञात युवक मोटरसाइकिल पर आए और दिलबाग सिंह पर पास से गोली चला दी, जिससे उनके कंधे में चोट आई है।
नशा बेचने से रोकने पर हमला : - पीड़ित दिलबाग सिंह और उनके परिवार वालों ने बताया कि यह हमला गांव के कुछ स्थानीय लोगों द्वारा करवाया गया, जिन्हें दिलबाग सिंह ने गांव में नशा बेचने से रोका था। इस बात को लेकर उनकी कहासुनी हुई थी, जिसके बाद देर रात अनजान लोगों को साथ लेकर अंधाधुंध फायरिंग की गई। गोली लगने से दिलबाग सिंह खून से लथपथ मिले, जिन्हें तुरंत अस्पताल भेजा गया। मौके से पुलिस को दो से तीन खाली खोखे भी मिले हैं। परिवार वालों ने यह भी आरोप लगाया कि उन्होंने नशा बेचने वाले इन लोगों की शिकायत पुलिस से कई बार की थी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।
मीडिया कवरेज रोकने की कोशिश :- जब मीडिया कर्मी घटना की कवरेज करने मौके पर पहुंचे, तो ड्यूटी पर मौजूद पुलिस ऑफिसर अजयपाल सिंह ने कैमरे की कवरेज रोकने की कोशिश की, जिसके कारण मीडिया और पुलिस अधिकारियों के बीच तनाव भी देखा गया।
ग्रामीणों में दहशत का माहौल है, क्योंकि कुछ दिन पहले ही इस गांव में चर्च पर भी कुछ अज्ञात लोगों द्वारा गोलियां चलाई गई थीं। लोगों ने प्रशासन से नशा और गुंडागर्दी बंद करने के लिए सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने घायल व्यक्ति को अस्पताल भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
#crimereport #amristar #firing #punjabpolice #news