नवरात्र में मां वैष्णो देवी के दर्शन के लिए देशभर से लाखों श्रद्धालु उमड़े
आरएस अनेजा, 02 अप्रैल नई दिल्ली
चैत्र नवरात्र में मां वैष्णो देवी के दर्शन के लिए देशभर से लाखों श्रद्धालु उमड़ रहे है।
नवरात्र में मां वैष्णो देवी भवन परिसर और सभी यात्रा मार्ग व कटड़ा में वातावरण पूरी तरह से भक्तिमय बना हुआ है। यात्रा के दौरान भीड़भाड़ न हो, इसको लेकर माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड द्वारा पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। सुरक्षा की दृष्टि से वैष्णो देवी यात्रा को 6 सेक्टर में बांटा गया है। इनमें कटडा, बाण गंगा क्षेत्र, आद्कुंवारी मंदिर परिसर, सांझी छत, हिमकोटी क्षेत्र तथा भवन परिसर आदि प्रमुख हैं।
प्रत्येक सेक्टर की जिम्मेदारी श्राइन बोर्ड के डिप्टी सीईओ स्तर के अधिकारी संभाले हुए हैं। हर एक सेक्टर में पुलिस अधिकारी तैनात हैं। इसके अलावा मां वैष्णो देवी भवन परिसर पर चप्पे चप्पे पर पुलिस व सुरक्षा बल के जवान तैनात हैं।
श्राइन बोर्ड ने कटडा में स्थित पंजीकरण केंद्र खोले दिए र्हैं। श्रद्धालु सुबह चार से लेकर रात्रि 10 बजे तक आरएफआईडी यात्रा कार्ड ले सकते हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कटड़ा के मुख्य बस अड्डा, रेलवे स्टेशन परिसर के साथ ही काउंटर नंबर दो अंतरराज्यीय बस अड्डा, निहारिका परिसर, कटड़ा हेलीपैड आदि स्थानों पर यात्रा पंजीकरण केंद्र खोले गए हैं। रात्रि में ऑनलाइन यात्रा पर्ची लेकर आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मां वैष्णो देवी यात्रा के प्रवेश द्वार दर्शन ड्योढ़ी के साथ ही ताराकोट मार्ग के प्रवेश द्वार पर पंजीकरण केंद्र स्थापित किया गया है।
सुबह व शाम को होने वाली दिव्य आरती में निवासियों के साथ ही श्रद्धालु शामिल होकर पुण्य काम रहे हैं। दिव्यांग श्रद्धालुओं की यादगार हो रही यात्रा नवरात्र में दिव्यांग श्रद्धालुओं के लिए मां वैष्णो देवी की यात्रा यादगार बनी हुई है।