08/04/26

करनाल: असंध में रेस्टोरेंट पर फायरिंग, शटर में लगीं गोलियां, पुलिस जांच में जुटी

करनाल, 8 अप्रैल (अन्‍नू): करनाल जिले के असंध-कैथल रोड पर स्थित एक नए खुले रेस्टोरेंट पर बीती रात अज्ञात हमलावरों ने फायरिंग कर दी। घटना रात करीब 10 बजे के बाद की बताई जा रही है, जब रेस्टोरेंट बंद हो चुका था। गनीमत यह रही कि उस समय वहां कोई मौजूद नहीं था, जिससे कोई जानमाल का नुकसान नहीं हुआ। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस और डीएसपी गौरखपाल राणा ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।


शटर पर मिले गोलियों के निशान

रेस्टोरेंट मालिक कुलदीप सिंह ने यह प्रतिष्ठान महज एक महीने पहले ही शुरू किया था। वे रात को रेस्टोरेंट बंद कर अपने घर चले गए थे, जिसके बाद यह हमला हुआ। मौके पर पहुँची एफएसएल (FSL) की टीम को जांच के दौरान रेस्टोरेंट के शटर पर गोलियों के दो छेद और जमीन पर खोल बरामद हुए हैं। पुलिस की टीमें आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।


उलझी हुई है हमले की गुत्थी

पुलिस के लिए फिलहाल यह मामला एक पहेली बना हुआ है। रेस्टोरेंट मालिक का कहना है कि उनकी न तो किसी से कोई पुरानी रंजिश है और न ही उन्हें किसी प्रकार की कोई धमकी या फिरौती की कॉल आई है। असंध थाना प्रभारी नसीब सिंह के अनुसार, पुलिस पुरानी रंजिश और फिरौती जैसे सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। अभी तक हमलावरों के बारे में कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है, लेकिन पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।


#KarnalNews #Assandh #CrimeNews #HaryanaPolice #FiringIncident #KarnalPolice #LawAndOrder #DanikKhabar

Previous

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने प्रधानमंत्री मुद्रा योजना की 11वीं वर्षगांठ पर इसकी सफलता की सराहना की

Next

प्रवासी श्रमिकों के लिए 5 किलो गैस सिलेंडर की उपलब्धता दोगुनी : राजस्थान