03/04/25

महाकुंभ स्थल को बताया था वक्फ की जमीन, माफिया बोर्ड बन गया था, प्रधानमंत्री मोदी ने मनमानी पर लगाई लगाम- मुख्यमंत्री योगी

उत्तर प्रदेश, 03 अप्रैल (अभी): उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में गुरुवार कोसीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि महाकुंभ की तैयारी के दौरान वक्फ बोर्ड ने दावा किया था कि कुंभ की भूमि उनकी है। यह माफिया बोर्ड बन गया था। लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने इसकी मनमानी पर लगाम लगा दी है। सीएम योगी ने कहा कि वक्फ बोर्ड से संबंधित एक महत्वपूर्ण अधिनियम (वक्फ संशोधन बिल 2025) लोकसभा में पारित हो चुका है और जल्द ही राज्यसभा में भी पास होगा, जिससे यह केवल कल्याणकारी कार्यों तक सीमित रहेगा। सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में किसी भी प्रकार की माफियागीरी नहीं चलेगी, यहां के माफिया को तो हम पहले ही विदा करवा चुके हैं।

मुख्यमंत्री योगी गुरुवार को मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्री राम के प्रिय सखा भगवान निषादराज गुहा के जन्मोत्सव के अवसर पर प्रयागराज के श्रृंगवेरपुर पहुंचे थे। सीएम योगी ने यहां प्रभु श्रीराम एवं राजा निषाद से जुड़ी कथाओं तथा 'एक जनपद-एक उत्पाद' (ओडीओपी) पर आधारित प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रयागराज में 579 करोड़ रुपये की 181 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास भी किया।

सीएम योगी ने वक्फ बोर्ड की मनमानी पर कहा कि महाकुंभ की तैयारी के दौरान वक्फ बोर्ड ने दावा किया था कि कुंभ की भूमि उनकी है। सीएम योगी ने कहा कि यह बोर्ड भू माफिया बोर्ड हो गया है क्या, उत्तर प्रदेश में किसी भी प्रकार का माफिया नहीं चल सकते हैं, यहां के माफिया को तो हम पहले ही विदा करवा चुके हैं। सीएम योगी ने कहा कि निषाद राज के पौराणिक भूमि पर कब्जा और जगह-जगह शहरों पर भी वक्फ के नाम पर कब्जे किए गए। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारें प्रयागराज की पहचान मिटाने और माफियाओं को बढ़ावा देने में लगी थीं। हर जिले में माफिया पनप रहे थे। लेकिन हमने जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाकर माफियाओं को विदा किया। श्रृंगवेरपुर और प्रयागराज की पौराणिक भूमि पर कब्जे की कोशिशें नाकाम की गईं। सीएम ने पीएम मोदी के प्रति आभार जताते हुए कहा कि यह उनकी दूरदर्शिता का परिणाम है कि महाकुंभ भव्य और दिव्य हुआ।

Previous

राजस्थान फार्मर रजिस्ट्री में देश में अव्वल, राजस्व मंडल के नवाचारों से मिल रही आमजन को राहत

Next

सुप्रीम कोर्ट ने पटाखों पर बैन हटाने से किया इनकार, कहा- दिल्ली में खतरनाक स्तर पर वायु प्रदूषण