24/01/26

झज्जर ने नम आँखों से दी शहीद मोहित को अंतिम विदाई: राजकीय सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार, गर्भवती पत्नी का करुण विलाप

जे कुमार झज्जर, 24 जनवरी 2026: हरियाणा की मिट्टी के लाल और देश के रक्षक मोहित चौहान आज पंचतत्व में विलीन हो गए। उनके पैतृक गांव गिजाड़ोध में पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। जम्मू-कश्मीर के डोडा में हुए दर्दनाक हादसे में अपनी जान न्योछावर करने वाले मोहित को अंतिम विदाई देने के लिए जनसैलाब उमड़ पड़ा।

छोटे भाई ने दी मुखाग्नि, तिरंगा देख छलके पिता के आँसू कैप्टन सौरभ कुमार के नेतृत्व में आई सेना की टुकड़ी ने गन फायर कर शहीद को अंतिम सलामी दी। जब सेना के अधिकारियों ने शहीद के पिता सतपाल चौहान को ससम्मान तिरंगा सौंपा, तो वे अपने आँसू नहीं रोक पाए। मोहित के छोटे भाई जितेंद्र ने उन्हें मुखाग्नि दी। शहीद के सम्मान में युवाओं ने शहर से लेकर गांव तक विशाल बाइक रैली निकाली और 'मोहित चौहान अमर रहे' के नारों से आसमान गूँज उठा।

गर्भवती पत्नी के दर्द ने सबकी आँखें भिगोईं एक साल पहले ही शादी के बंधन में बंधे मोहित की पत्नी अंजलि का रो-रोकर बुरा हाल था। अंजलि ढाई महीने की गर्भवती हैं और पति के जाने के गम में वे कई बार बेसुध होकर गिर पड़ीं। उन्होंने सुबकते हुए सेना के अधिकारियों से कहा, "मैंने मोहित को ऐसा नहीं भेजा था। वे पिछली बार वादा करके गए थे कि इस बार लौटेंगे तो मुझे भी अपने साथ ले जाएंगे।" डोडा हादसे में हुए थे शहीद गौरतलब है कि 22 जनवरी को जम्मू-कश्मीर के डोडा में सेना की एक गाड़ी अनियंत्रित होकर 400 फीट गहरी खाई में गिर गई थी। इस दुखद हादसे में मोहित समेत सेना के 10 जवान शहीद हो गए थे। मोहित 5 साल पहले भारतीय सेना में सिपाही के पद पर भर्ती हुए थे और अपने मिलनसार स्वभाव व बहादुरी के लिए जाने जाते थे।

अंतिम संस्कार के समय प्रशासन की ओर से कई गणमान्य व्यक्तियों ने पुष्पचक्र अर्पित कर शहीद को श्रद्धांजलि दी। पूरा गांव अपने वीर सपूत की शहादत पर गर्व तो महसूस कर रहा था, लेकिन खोने का गम हर चेहरे पर साफ दिख रहा था।

#JhajjarNews #ShaheedMohitChauhan #IndianArmy #Tribute #HaryanaBravehearts #Gijarodh #ArmyMartyr #NationFirst #JhajjarPride

Previous

स्वस्थ लोकतंत्र के लिए स्वतंत्र पत्रकारिता अनिवार्य, एक भी स्तंभ कमजोर हुआ तो लोकतंत्र डगमगाएगा - ऊर्जा मंत्री अनिल विज

Next

हरियाणा पुलिस भर्ती: फिजिकल टेस्ट के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू, फरवरी के अंत में शुरू हो सकती है शारीरिक परीक्षा