जालंधर: मॉडल हाउस में पुलिस और परिवार के बीच हाईवोल्टेज ड्रामा, ऑनलाइन चालान को लेकर भिड़े दोनों पक्ष
जालंधर, 14 अप्रैल (अन्नू): जालंधर के मॉडल हाउस इलाके में देर रात उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब एक कार सवार परिवार और पुलिस टीम के बीच ऑनलाइन चालान काटने को लेकर तीखी बहस हो गई। कार चालक चरणजीत सिंह का कहना है कि वह अपने परिवार के साथ एक आइसक्रीम पार्लर पर रुके थे। उनके मुताबिक, वे अभी गाड़ी में ही बैठे थे और आइसक्रीम खरीदी भी नहीं थी कि पुलिस की गाड़ी को देख उन्होंने अपनी कार वहां से हटा ली। इसके बावजूद पुलिसकर्मी ने चलती गाड़ी की फोटो खींचकर ऑनलाइन चालान काट दिया।
परिवार ने लगाया दुर्व्यवहार का गंभीर आरोप
पीड़ित परिवार ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। चरणजीत सिंह ने आरोप लगाया कि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी ने न केवल बेवजह चालान काटा, बल्कि विरोध करने पर उनकी बेटी के साथ अभद्र व्यवहार और धक्का-मुक्की भी की। परिवार का दावा है कि यह पूरी घटना पास के सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड है। उन्होंने मांग की कि प्रशासन को पहले उन दुकानदारों पर कार्रवाई करनी चाहिए जो पार्किंग की सुविधा नहीं देते, बजाय इसके कि उन राहगीरों को परेशान किया जाए जो ट्रैफिक में बाधा भी नहीं डाल रहे थे।
पुलिस का पक्ष: सड़क के बीचों-बीच खड़ी थी कार
दूसरी ओर, एएसआई तिलकराम ने परिवार द्वारा लगाए गए सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। पुलिस का कहना है कि कार सड़क के बीचों-बीच अवैध तरीके से खड़ी थी, जिससे रास्ता बाधित हो रहा था। जब पुलिस की टीम चालान करने पहुंची, तो चालक गाड़ी आगे बढ़ाने लगा, जिसके कारण नियमानुसार ऑनलाइन चालान की प्रक्रिया अपनाई गई। एएसआई ने युवती के साथ किसी भी तरह की धक्का-मुक्की या गलत व्यवहार की बात को पूरी तरह बेबुनियाद बताया है। फिलहाल, परिवार ने इस मामले की शिकायत उच्च अधिकारियों से करने का फैसला लिया है।
#JalandharNews #PunjabPolice #ModelHouseJalandhar #ChallanControversy #PublicVsPolice #JalandharUpdate #TrafficChallan #BreakingNews #DanikKhabarPunjab #DanikKhabar
Previous
पंजाब राज्य चुनाव आयोग ने निकाय चुनावों हेतु मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम किया घोषित; 5 मई को होगा अंतिम प्रकाशन
Next