11/02/26

सोशल मीडिया पर निवेश की सलाह पड़ी महंगी, कुरुक्षेत्र के प्रिंसिपल ने गँवाए ₹24 लाख

हरियाणा/कुरुक्षेत्र, 11 फ़रवरी(अन्‍नू): हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले में साइबर अपराधियों ने एक सरकारी स्कूल के प्रधानाचार्य (प्रिंसिपल) को अपने जाल में फंसाकर लाखों रुपये की चपत लगा दी है। ठगों ने शाहाबाद के एक स्कूल में कार्यरत और करनाल के निवासी सुखदेव सिंह को दो महीने के भीतर निवेश के नाम पर करीब 24 लाख रुपये का चूना लगाया। बताया जा रहा है कि यह पूरी साजिश इंस्टाग्राम के जरिए शुरू हुई थी, जहाँ एक अज्ञात युवती ने खुद को निवेश विशेषज्ञ बताकर प्रिंसिपल से संपर्क साधा और एक विशेष ट्रेडिंग ऐप के माध्यम से भारी मुनाफे का लालच दिया।


पीड़ित सुखदेव सिंह के अनुसार, दिसंबर महीने में उनकी इंस्टाग्राम आईडी पर एक युवती का मैसेज आया था। उसने उन्हें 'm.xtbmarteav.cc' नामक प्लेटफॉर्म पर पैसे लगाने के लिए राजी कर लिया। युवती के भरोसे में आकर प्रिंसिपल ने अलग-अलग समय पर अपने और अपनी पत्नी के बैंक खातों से कुल 24 लाख रुपये बताए गए खातों में ट्रांसफर कर दिए। शुरुआती दौर में ऐप के डैशबोर्ड पर उन्हें निवेश की गई राशि पर अच्छा मुनाफा भी दिखाई दिया, जिससे उनका विश्वास और गहरा हो गया।



धोखाधड़ी का खुलासा तब हुआ जब दो महीने बाद पीड़ित ने अपनी जमा राशि निकालने का प्रयास किया। ऐप से पैसे विड्रॉल न होने पर जब उन्होंने संपर्क किया, तो ठगों ने पैसे निकालने के एवज में और कमीशन जमा करने की मांग शुरू कर दी। इतना ही नहीं, और पैसे न देने पर उन्हें धमकियां भी दी जाने लगीं। ठगी का अहसास होने पर सुखदेव सिंह ने तुरंत साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और लोगों को अज्ञात लिंक या सोशल मीडिया के जरिए मिलने वाले निवेश के प्रस्तावों से सावधान रहने की सलाह दी है।


#CyberCrime #KurukshetraNews #OnlineFraud #InvestmentScam #HaryanaPolice #CyberAwareness #CrimeAlert #InstagramFraud

Previous

अंबाला: पुलिस की छापेमारी में 170 ग्राम गांजा बरामद, बाइक छोड़कर भागा नशा तस्कर

Next

दूसरे सुपर ओवर में साऊथ अफ्रीका ने अफगानिस्तान को हराकर जीता रोमांचक मुकाबला