करनाल: अस्पताल में पुलिस को चकमा देकर फरार हुआ घायल बदमाश, बेडशीट ओढ़कर भागने का सनसनीखेज मामला
करनाल, 29 मई (अन्नू): हरियाणा के करनाल से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाने वाली एक बड़ी खबर सामने आई है। पुलिस मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली लगने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया एक शातिर बदमाश डॉक्टरों और पुलिसकर्मियों की आंखों में धूल झोंककर फरार हो गया। आरोपी नागरिक अस्पताल की तीसरी मंजिल पर बने स्पेशल कैदी वार्ड में इलाज के लिए रखा गया था। 28 और 29 मई की दरमियानी रात को यह शातिर अपराधी बेडशीट ओढ़कर पुलिस को चकमा देते हुए अस्पताल से रफूचक्कर हो गया।
कड़े पहरे के बाद भी भागने में सफल रहा अपराधी
चौंकाने वाली बात यह है कि इस खूंखार बदमाश की निगरानी के लिए अस्पताल में 4 पुलिस जवानों की तैनाती की गई थी। सीआईए-1 (CIA-1) की टीम ने 25 मई को एनकाउंटर के बाद इसे गिरफ्तार किया था। मुठभेड़ में आरोपी के कूल्हे के पास पैर में गोली लगी थी, जिसके कारण उसे सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पुलिस की योजना थी कि इलाज पूरा होते ही उसे कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा, लेकिन इससे पहले ही आरोपी ने भागने का प्लान कामयाब कर लिया।
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस, आला अधिकारियों में हड़कंप
बदमाश के अस्पताल से भागने की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। पुलिस की कई टीमें अब उसकी दोबारा गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही हैं। अस्पताल के पीएमओ बलवान सिंह ने बताया कि शुक्रवार तड़के करीब 4 बजे डीएसपी राजीव ने उन्हें फोन कर बदमाश के भागने की जानकारी दी और अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज की मांग की। पुलिस ने अब पूरे अस्पताल परिसर के कैमरों की रिकॉर्डिंग को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
चार जिलों का वांटेड और तरावड़ी पेट्रोल पंप केस का मुख्य आरोपी
फरार हुए बदमाश की पहचान पंजाब के खरड़ निवासी गुरजीत सिंह के रूप में हुई है। गुरजीत हरियाणा के चार प्रमुख जिलों— करनाल, कुरुक्षेत्र, सोनीपत और पलवल में पेट्रोल पंप लूट की करीब 5 वारदातों में मोस्ट वांटेड था। पुलिस ने उसे करीब 23 दिन पुराने तरावड़ी पेट्रोल पंप पर हुई फायरिंग और लूट के प्रयास के मामले में दबोचा था।
तेज डलवाने के बहाने आया और तान दी पिस्टल
यह पूरी वारदात 2 मई (शनिवार) की सुबह करीब 4:25 बजे शुरू हुई थी। गुरजीत एक बिना नंबर की काले रंग की बाइक पर तरावड़ी के चौधरी पेट्रोल पंप पहुंचा। उसने वहां मौजूद सेल्समैन सुरेश कुमार से 100 रुपये का पेट्रोल डलवाया और पैसे भी दे दिए। लेकिन जैसे ही सेल्समैन ऑफिस की तरफ मुड़ा, आरोपी ने पीछे से आकर उस पर पिस्टल तान दी और सारा कैश देने की धमकी देने लगा।
जांबाज सेल्समैन ने अकेले ही कर दिया मुकाबला
पंप कर्मी सुरेश कुमार ने हिम्मत दिखाते हुए बदमाश की पिस्टल पर हाथ मार दिया और शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनकर पास ही मौजूद नरेश कुमार भी मदद के लिए दौड़ पड़ा। दोनों ने मिलकर जब आरोपी को दबोचने की कोशिश की, तो उनके बीच तीखी हाथापाई हुई। खुद को घिरता देख आरोपी ने हवाई फायर कर दिया, जिससे पेट्रोल पंप पर अफरा-तफरी मच गई और आरोपी बाइक पर सवार होकर तरावड़ी टी-प्वाइंट की तरफ भाग निकला।
बिना नंबर की बाइक बनी थी पुलिस के लिए पहेली
वारदात के बाद पुलिस और एफएसएल (FSL) की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की थी, जहाँ से गोली का खोखा बरामद हुआ था। चूंकि आरोपी की बाइक पर कोई नंबर प्लेट नहीं थी, इसलिए शुरुआती 23 दिनों तक पुलिस के लिए उसे ढूंढना एक बड़ी चुनौती बना रहा। पुलिस लगातार अपने मुखबिरों और सीसीटीवी फुटेज के सहारे उसकी लोकेशन ट्रेस करने में जुटी थी।
आवर्धन नहर के पास हुआ था एनकाउंटर
आखिरकार 24 और 25 मई की रात को पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि यह बदमाश मेरठ रोड पर आवर्धन नहर के पास किसी नई वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा है। सीआईए-1 की टीम ने तुरंत घेराबंदी कर धावा बोल दिया। खुद को घिरा देख आरोपी ने पुलिस पर हमला करने की कोशिश की, जिसके जवाब में पुलिस ने गोली चलाई जो उसकी टांग में लगी। मौके से पुलिस ने एक अवैध पिस्टल और बिना नंबर की बाइक जब्त कर उसे अस्पताल पहुंचाया था, जहाँ से अब वह फरार हो चुका है।
#KarnalNews #HaryanaPolice #Encounter #PrisonBreak #KarnalHospital #CrimeNews #HaryanaCrime #BreakingNews #CCTVFootage #DanikKhabar
Previous
सौर ऊर्जा संयंत्रों से 7 हजार 376 मेगावाट बिजली का उत्पादन, विद्युत उपभोक्ताओं की शिकायतों के त्वरित निस्तारण के साथ हो रहा सुधार:राजस्थान
Next