28/04/26

अंबाला सिटी में ट्रैफिक का दबाव कम करने की पहल: कालका चौक से मानव चौक तक भारी वाहनों की नो-एंट्री

अंबाला, 28 अप्रैल (अन्‍नू): अंबाला शहर की यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के लिए प्रशासन ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। प्रशासन ने कालका चौक से अंबाला शहर के मानव चौक की ओर जाने वाले भारी वाहनों, विशेष रूप से टिप्परों के प्रवेश पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया है। आरटीओ सुशील कुमार ने जानकारी दी कि ट्रांसपोर्ट कमिश्नर से प्राप्त आदेशों के बाद इस फैसले को तत्काल प्रभाव से लागू करने के लिए ट्रैफिक पुलिस को दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।


सड़क दुर्घटनाओं और जाम से मिलेगी निजात


प्रशासन का यह कदम शहर के सबसे व्यस्त मार्ग को जाममुक्त बनाने के उद्देश्य से उठाया गया है। चूंकि इसी मार्ग पर शहर का बस स्टैंड भी स्थित है, इसलिए दिनभर यहाँ वाहनों का अत्यधिक दबाव बना रहता है। आरटीए सुशील कुमार ने बताया कि भारी वाहनों की आवाजाही के कारण न केवल अक्सर जाम की स्थिति उत्पन्न होती थी, बल्कि दुर्घटनाओं का खतरा भी लगातार बना रहता था। इस प्रतिबंध से आम वाहन चालकों और राहगीरों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।


बसों पर लागू नहीं होगा नियम


इस नए ट्रैफिक प्लान की खास बात यह है कि इसका असर यात्री बसों पर बिल्कुल नहीं पड़ेगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि केवल टिप्पर और अन्य भारी मालवाहक वाहनों को ही इस मार्ग पर प्रवेश करने की अनुमति नहीं होगी, ताकि मुख्य सड़क पर भीड़ को नियंत्रित किया जा सके। प्रशासन की इस सख्ती से अब शहर के भीतर भारी वाहनों के कारण होने वाली अफरा-तफरी में कमी आएगी और यातायात का प्रवाह सुचारू हो सकेगा।




#AmbalaCity #TrafficUpdate #AmbalaTrafficPolice #RoadSafety #AdministrativeDecision #HaryanaNews #SmoothTraffic #NoEntry #DanikKhabar

Previous

अम्बाला मंडल: रेलवे सुरक्षा बल के साथ विशेष टिकट जांच अभियान; बिना टिकट यात्रा करने वालों पर कसी गई नकेल

Next

अम्बाला: विजय गुप्ता सर्वसम्मति से बनीं आर्य समाज दयानंद मार्ग की संरक्षक; समाज सेवा को मिलेगी नई गति