08/09/26

जी.एम.एन. कॉलेज में 10 दिवसीय 'भारतीय ज्ञान परंपरा मूल्य हस्तांतरण अभियान' संपन्न

जे कुमार अम्बाला छावनी, 8 सितंबर 2026 : अम्बाला छावनी स्थित गांधी मेमोरियल नेशनल (जी.एम.एन.) कॉलेज के प्रांगण में भारतीय ज्ञान परंपरा प्रतिष्ठा के तत्वाधान में एपेक्स-एस.डी.जी. के अंतर्गत 10 दिवसीय 'भारतीय ज्ञान परंपरा मूल्य हस्तांतरण अभियान' सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। इस अनूठे अभियान का मूल ध्येय नवागंतुक विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों, अनुशासन, सामाजिक कर्तव्यों तथा पारंपरिक गुरु-शिष्य परंपरा से गहराई से परिचित कराना था।

अभियान की रूपरेखा एक सशक्त दो-स्तरीय हस्तांतरण मॉडल पर आधारित रही। प्रथम चरण में महाविद्यालय के प्राध्यापकों ने वरिष्ठ छात्रों को भारतीय संस्कृति, नैतिकता और अनुशासन के विभिन्न पहलुओं का बोध कराया। इसके बाद दूसरे चरण में वरिष्ठ छात्रों ने अपनी-अपनी कक्षाओं के नए विद्यार्थियों के साथ संवाद स्थापित कर उन्हें जीवनोपयोगी मूल्यों और समय प्रबंधन के व्यावहारिक गुर सिखाए।

"संस्कार और अनुशासन ही शिक्षा का मुख्य आधार" - डॉ. रोहित दत्त:

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रोहित दत्त ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि आधुनिक समय में युवाओं को उनकी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़े रखना बेहद आवश्यक है। ऐसे अभियान विद्यार्थियों में न केवल आत्मविश्वास और जिम्मेदारी की भावना पैदा करते हैं, बल्कि भारतीय ज्ञान परंपरा के उदात्त मूल्यों को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का काम भी करते हैं।

सीनियर-जूनियर गैप को मिटाने में सहायक:

भारतीय ज्ञान परंपरा प्रकोष्ठ के अधिकारी डॉ. अनीश कुमार ने बताया कि इस नवाचार से वरिष्ठ और नए विद्यार्थियों के बीच झिझक खत्म हुई है और उनमें सामूहिकता तथा भाईचारे की भावना विकसित हुई है। छात्रों को अलग-अलग समूहों में बांटकर व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। वहीं डॉ. अमिता ने रेखांकित किया कि भारतीय समाज की सबसे बड़ी ताकत उसकी परंपराओं का एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी में हस्तांतरण है, जो विद्यार्थियों को एक जिम्मेदार नागरिक बनाने में मदद करता है।

#AmbalaNews #GMNCollege #AmbalaCantt #IndianKnowledgeSystem #HaryanaEducation #StudentCulture #BreakingNews #HaryanaNews

Previous

हरियाणा: वित्तीय ठगी रोकने को 31 बैंकों में MuleHunter.AI लागू, PACL के ₹3,864 करोड़ रिफंड

Next

अवैध शराब कारोबार पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाएगा: उपमुख्यमंत्री मध्यप्रदेश