भारत को आज मिल सकता है क्रिकेट का नया कप्तान, शुभन गिल या केएल राहुल दोनों में टक्कर
आरएस अनेजा, 24 मई नई दिल्ली
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) द्वारा आज इंग्लैंड दौरे के लिए टीम इंडिया की टेस्ट टीम का ऐलान किया जाना है। इस सीरीज का सबसे बड़ा सवाल ये है कि रोहित शर्मा और विराट कोहली द्वारा टेस्ट क्रिकेट से संयास लेने के बाद नया टेस्ट कप्तान कौन होगा।
कप्तानी की रेस में फिलहाल सबसे मजबूत दावेदार शुभमन गिल माने जा रहे हैं जोकि 25 साल के युवा चेहरा होने के साथ-साथ शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। वहीं केएल राहुल भी कप्तानी के लिए विकल्प हो सकते हैं जोकि सीनियर होने के साथ-साथ अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। वह विकेट के पीछे भी अपनी भूमिका अच्छी निभा रहे है जिस वजह से गिल और केएल राहुल के बीच कांटे की टक्कर है।
शुभमन गिल पिछले कुछ समय से तीनों फॉर्मेट में टीम इंडिया की स्थायी जगह बनाते आ रहे हैं। उन्हें भारतीय क्रिकेट का भविष्य माना जाता है और टेस्ट में उनका रिकॉर्ड भी बेहतर रहा है। रोहित शर्मा के जाने के बाद बोर्ड और चयनकर्ता युवा चेहरे को टीम की कमान सौंपना चाहते हैं, ताकि लॉन्ग टर्म लीडर तैयार हो सके।
वहीं, जसप्रीत बुमराह पहले ही कह चुके हैं कि वे इंग्लैंड में सिर्फ तीन टेस्ट खेल सकेंगे, ऐसे में कप्तान के रूप में उनकी निरंतर उपलब्धता पर सवाल है। अगर गिल को कप्तानी मिलती है, तो संभव है उपकप्तान की जिम्मेदारी ऋषभ पंत को दी जाएगी, जो लंबे समय बाद टेस्ट टीम में वापसी कर रहे हैं।