08/05/25

खैरथल-तिजारा में हाइड्रोलिक क्रेन के माध्यम से 10 मंजिल से लोगों को किया रेस्क्यू,

एन.एस. बाछल, 08 मई, जयपुर।

खैरथल-तिजारा के भिवाड़ी में मंगलवार को सिविल डिफेंस के तहत आपातकालीन मॉक ड्रिल का अभ्यास शाम 4 बजे किया गया। मॉकड्रिल के तहत आवासीय सोसाइटी पर हवाई हमले की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस, सिविल डिफेंस,चिकित्सा, अग्निशमन व अन्य संबंधित विभागों की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। प्रशासन व पुलिस द्वारा आपात स्थिति से निपटने के लिए विभिन्न विभागों की प्रतिक्रिया और समन्वय की जांच की गई।

 

मॉक ड्रिल में परखी व्यवस्थाएं -

सायरन की आवाज एवं कंट्रोल रूम में सूचना मिलने के साथ ही पुलिस, प्रशासन की गाड़ियां, एम्बूलेंस व फायर ब्रिगेड घटना स्थल की तरफ दौड़ पड़े। सायरनों की आवाज सुनकर हर कोई बचाव की मुद्रा में आ गया एवं हवाई हमले के बाद घायलों एवं प्रभावितों को बचाने के लिए जिला प्रशासन के सभी संबंधित विभाग सक्रिय हो गये।

 

यह मॉकड्रिल प्लांट में दुश्मन देश के हवाई हमले की स्थिति में मौके पर राहत एवं बचाव कार्य, घायलों को त्वरित रूप से अस्पताल पहुंचाने और अस्पताल की आपातकालीन व्यवस्थाओं की तैयारियों का जायजा लेने के उद्देश्य से की गई। हवाई हमले की सूचना के साथ मॉक ड्रिल की शुरुआत हुई, जिसके तत्काल बाद सायरन बजने लगे, जिला पुलिस कंट्रोल रूम को हवाई हमले की सूचना दी गई। पुलिस, चिकित्सा, सिविल डिफेंस की टीम मौके पर पहुंची। तत्काल प्रभाव से एम्बुलेंस और पुलिस की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। मॉक ड्रिल में घायल हुए लोगों को एम्बुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाया गया। मौके पर पहुॅची फायर ब्रिगेड की टीम द्वारा आग बुझाने की कार्यवाही को अंजाम दिया गया। सिविल डिफेंस एवं फायर ब्रिगेड की टीम एवं हाइड्रोलिक क्रेन के माध्यम से दसवीं मंजिल से लोगों को रेस्क्यू करने का सजीव प्रदर्शन करते हुये अस्पताल पहुंचाया गया। इस दौरान फायर ब्रिगेड टीम ने पानी व फॉम के माध्यम से आग पर काबू पाने का मॉक ड्रिल किया।

 

घायलों को अस्पताल पहुंचाने के बाद तुरंत सुरक्षित क्षेत्र में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों और नर्सों की टीम ने उनकी प्राथमिक जांच की और उन्हें उनकी चोटों की गंभीरता के अनुसार विभिन्न वार्डों में भेजा गया।

 

जिला कलक्टर और जिला पुलिस अधीक्षक ने अस्पताल की आपातकालीन व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

 

मॉक ड्रिल के दौरान अतिरिक्त जिला कलेक्टर सुमित्रा मिश्र, डीएसपी कैलाश चौधरी सहित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे ।

Previous

एसएमएस एवं संबद्ध अस्पतालों में सुरक्षा व्यवस्था होगी सुदृढ़, सीआईएसएफ तैयार करेगा रिपोर्ट

Next

जैसलमेर में सोनार दुर्ग के पास स्थित होटल वृंदा पैलेस में हुआ मॉक ड्रिल - आग लगते ही एम्बुलेंस, फायर बिग्रेड एवं बचाव दल के साथ मौके पर पहुंचे अधिकारी