19/01/25

प्रधानमंत्री ने वर्ष 2025 के अपने पहले 'मन की बात' कार्यक्रम में की हरियाणा के अंबाला व हिसार के स्टार्टअप की प्रशंसा, मुख्यमंत्री ने जताया आभार

चंडीगढ़, 19 जनवरी (अभी): मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को कैथल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात के कार्यक्रम के 118वें प्रसारण को सुना। । मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम की समाप्ति के बाद कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'मन की बात' कार्यक्रम में हरियाणा के अंबाला व हिसार के स्टार्टअप का जिक्र करते हुए उनकी प्रशंसा की है।  

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा में भी ऐसे कई युवा हैं, जिनके स्टार्टअप आज मिसाल कायम कर रहे हैं और उनका टर्नओवर लगभग 100 करोड़ से 200 करोड़ रुपए का है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हरियाणा को एक अग्रणी स्टार्टअप हब के रूप में स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार मेक इन इंडिया और स्टार्टअप इंडिया के उद्देश्यों के साथ तालमेल बिठाते हुए राष्ट्रीय स्टार्टअप इकोसिस्टम में हरियाणा को एक प्रमुख प्लेयर के रूप में स्थापित करने के लिए समर्पित प्रयास कर रही है। इसका उद्देश्य न केवल प्रदेश के आर्थिक विकास को गति देना है, बल्कि युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करना भी है, जिससे यह सुनिश्चित हो सके कि हरियाणा देश भर में नवाचार और उद्यमिता के केंद्र के रूप में अपनी एक विशिष्ट पहचान हासिल कर सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार स्टार्टअप को बढ़ावा देने के लिए वित्त वर्ष 2025-26 के आगामी बजट में नई योजनाओं पर सक्रियता से विचार कर रही है।

प्रधानमंत्री का मन की बात कार्यक्रम युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत बताते हुए श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि  सभी कार्यकर्ता हर महीने अपने बूथ पर वहां के नागरिकों के साथ 'मन की बात' कार्यक्रम जरूर सुनें। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया वे 'मन की बात' कार्यक्रम से अधिक से अधिक लोगों विशेष रूप से युवाओं को जोड़ें।

Previous

ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज के अध्यक्षता में भाजपा अम्बाला छावनी के चारों मंडलों के प्रधानों का चुनाव हुआ संपन्न

Next

ऊर्जा मंत्री अनिल विज का कांग्रेस पर प्रहार- "जितना अंबेडकर जी की विचारधारा को आहत कांग्रेस ने किया है उतना किसी ने नहीं किया