हरियाणा में गुलाबी ठंड की दस्तक: सुबह-शाम हवाओं में घुली ठंडक; रोहतक 36.9°C के साथ सबसे गर्म, करनाल में न्यूनतम पारा 22.2°C दर्ज
हरियाणा/मौसम, 21 सितंबर (अन्नू): हरियाणा में मौसम का मिजाज धीरे-धीरे बदलने लगा है। जहां एक तरफ दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है, वहीं रात और सुबह के समय तापमान में गिरावट के साथ हल्की गुलाबी ठंड ने दस्तक दे दी है। सुबह और शाम के वक्त हल्की ठंडी हवाओं का अहसास होने लगा है।
मौसम विभाग (IMD) के आंकड़ों के मुताबिक, प्रदेश में औसतन अधिकतम तापमान में 0.6°C की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जबकि औसत न्यूनतम (रात के) तापमान में 0.2°C की गिरावट आई है।
तापमान और मौसम से जुड़े प्रमुख आंकड़े:
सबसे गर्म और सबसे ठंडे शहर:
अधिकतम तापमान (दिन): रोहतक 36.9°C के साथ प्रदेश में सबसे गर्म रहा। इसके अलावा गुरुग्राम में 36.4°C और फरीदाबाद में 35.9°C तापमान दर्ज किया गया।
न्यूनतम तापमान (रात): प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान करनाल (AWS) में 22.2°C दर्ज किया गया। इसके अलावा पंचकुला में 22.4°C, यमुनानगर में 22.5°C तथा अंबाला और रेवाड़ी में 22.8°C पारा रहा।
एंटीसाइक्लोन बनने से बदलेगी हवाओं की दिशा:
राजस्थान के ऊपर एंटीसाइक्लोन बनने से हवाओं की दिशा पुरवाई से बदलकर पश्चिमी होने की संभावना है।
इसके प्रभाव से मानसून टर्फ की उत्तरी सीमा दक्षिण की ओर खिसकेगी, जिससे हरियाणा में मानसूनी गतिविधियां कम होंगी और मानसून की विदाई का रास्ता साफ होगा।
6 साल में सबसे कमजोर मानसून:
राजस्थान के बाद 18 सितंबर से पंजाब और हरियाणा से भी मानसून की वापसी शुरू हो चुकी है। विशेषज्ञों के अनुसार, 25 सितंबर तक मानसून पूरे हरियाणा से विदा ले लेगा।
इस बार राज्य में मानसून सीजन के दौरान अब तक केवल 317.5 मिमी बारिश हुई है, जो सामान्य (409.7 मिमी) से 22% कम है। यह पिछले 6 वर्षों में सबसे कम बारिश का आंकड़ा है। इससे पहले साल 2019 में 255 मिमी बारिश दर्ज की गई थी।
#HaryanaWeather #HaryanaNews #WeatherUpdate #IMDHaryana #PinkCold #MonsoonWithdrawal #DanikKhabar #BreakingNews
Previous
हरियाणा वेदर अपडेट: 9 शहरों में पारा 35°C पार, फरीदाबाद 36.5°C के साथ सबसे गर्म; हिसार का बालसमंद 22.1°C पर ठंडा
Next