फरीदाबाद में मंदिर के पास पुजारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत: सिर पर चोट के निशान मिले, जांच में जुटी पुलिस
फरीदाबाद, 31 अगस्त (अन्नू): फरीदाबाद के सेक्टर-31 थाना क्षेत्र में मंदिर के पीछे आगरा नहर किनारे जंगल में 55 वर्षीय पुजारी का शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान ओम प्रकाश यादव के रूप में हुई है, जो पिछले करीब एक साल से इसी मंदिर में रहकर पूजा-पाठ का काम करते थे। सोमवार सुबह घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर-31 थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया।
सिर पर चोट के निशान, हत्या की आशंका
सराय एसीपी संदीप मोर ने बताया कि शुरुआती जांच में मृतक पुजारी के सिर पर चोट के निशान पाए गए हैं। हालांकि, अभी यह पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि उनकी मौत सिर की चोट के कारण हुई है या इसके पीछे कोई और वजह है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल के शवगृह में भिजवा दिया है।
मामले की गहनता से जांच जारी
पुलिस टीम घटनास्थल का मुआयना करने के साथ-साथ मंदिर के आसपास रहने वाले लोगों और श्रद्धालुओं से पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
#FaridabadNews #HaryanaNews #CrimeNews #FaridabadPolice #DanikKhabar #BreakingNews
Previous
चौथा भारत-जर्मन पर्यावरण फोरम कल नई दिल्ली में आयोजित होगा
Next