करनाल में खौफनाक वारदात: शादी समारोह से लौट रहे व्यक्ति पर जानलेवा हमला, हथियारबंद बदमाशों ने लूट की नीयत से घेरी कार
हरियाणा/करनाल, 15 फ़रवरी (अन्नू): हरियाणा के करनाल जिले में अपराध का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां घरौंडा थाना क्षेत्र के अंतर्गत हरिसिंहपुरा-पुंडरी मार्ग पर देर रात हथियारबंद बदमाशों ने एक कार सवार युवक को निशाना बनाया।
घटना 14 फरवरी की अलसुबह करीब 3 बजे की है, जब पीड़ित प्रदीप कुमार अपने दोस्त को गांव पुंडरी छोड़कर वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान अलीपुरा की ओर से आई एक तेज रफ्तार कार ने फिल्मी अंदाज में प्रदीप की गाड़ी के आगे अड़ाकर रास्ता रोक लिया।
पीड़ित प्रदीप कुमार ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि हमलावर कार से नीचे उतरे, जिनके हाथों में गंडासी, तलवार और लाठी-डंडे जैसे घातक हथियार थे। बदमाशों ने देखते ही चिल्लाना शुरू कर दिया कि "इसे जिंदा मत छोड़ो, इसकी गाड़ी छीन लो।" अचानक हुए इस हमले और जान से मारने की धमकी सुनकर प्रदीप बुरी तरह घबरा गए। उन्होंने अपनी सूझबूझ का परिचय देते हुए कार को तुरंत खेतों की ओर मोड़ दिया और शोर मचाना शुरू किया।
शोर शराबा सुनकर जब आसपास से राहगीर इकट्ठा होने लगे और प्रदीप ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी, तो पकड़े जाने के डर से हमलावर अपनी गाड़ी लेकर कैमला गांव की दिशा में फरार हो गए। इस पूरी घटना के दौरान हमलावरों ने प्रदीप की कार को काफी नुकसान पहुंचाया है। पीड़ित का कहना है कि यह हमला न केवल लूट की कोशिश थी बल्कि उनकी जान लेने का भी प्रयास था।
घरौंडा थाना पुलिस ने इस मामले में प्रदीप की शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्धों की पहचान के लिए जांच तेज कर दी गई है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही दोषियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। इस घटना के बाद से इलाके के वाहन चालकों में भय का माहौल बना हुआ है।
#KarnalCrime #HaryanaPolice #HighwayRobbery #CrimeNews #Gharaunda #KarnalNews #SafeHaryana #CrimeAlert