गृह मंत्री अमित शाह ने गांधीनगर में BSL-4 बायो-कंटेनमेंट फैसिलिटी का शिलान्यास किया
आरएस अनेजा, 13 जनवरी नई दिल्ली - केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने आज गुजरात की राजधानी गांधीनगर में गुजरात बायोटेक्नॉलजी रिसर्च सेंटर की BSL-4 बायो-कंटेनमेंट फैसिलिटी का शिलान्यास किया। इस अवसर पर गुजरात के मुख्यमंत्री श्री भूपेन्द्र पटेल और उप-मुख्यमंत्री श्री हर्ष संघवी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आज गुजरात की धरती से हम भारत की स्वास्थ्य सुरक्षा, बायो सेफ्टी और बायोटेक विकास के एक नए युग की शुरुआत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि गुजरात बायोटेक्नोलॉजी रिसर्च सेंटर में BSL-4 बायो-कंटेनमेंट फैसिलिटी के शिलान्यास से आगामी दिनों में समग्र भारत के लिए स्वास्थ्य क्षेत्र का एक मजबूत सुरक्षा कवच बनकर उभरेगा।
उन्होंने कहा कि यह पहल प्रधानमंत्री मोदी के इस विजन पर आधारित है कि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी केवल रिसर्च और डेवलपमेंट (R&D) तक सीमित न रहे, बल्कि राष्ट्र के समग्र विकास का आधार स्तंभ बने।