18/09/25

हिन्दी केवल भाषा नहीं, हमारी आत्मा है: डॉ. अनुपमा आर्य

जे कुमार, अम्बाला 18 सितम्बर - आर्य कॉलेज, अम्बाला छावनी में हिंदी विभाग एवं शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास के संयुक्त तत्वावधान में हिंदी दिवस (हिन्दी पखवाड़ा) के अवसर पर नुक्कड़ नाटक का सुंदर आयोजन किया गया। इस नाटक का विषय ‘‘हिन्दी हमारी पहचान’’ रहा जो विद्यार्थियों के बीच हिंदी भाषा के प्रति सम्मान, गर्व और जागरुकता उत्पन्न करने के उद्देश्य से प्रस्तुत किया गया।

नाटक में छात्राओं ने जीवंत अभिनय के माध्यम से यह संदेश दिया कि हिन्दी न केवल हमारी मातृभाषा है, बल्कि यह हमारी सांस्कृतिक पहचान और आत्म गौरव का प्रतीक भी है। प्रस्तुति में दर्शाया गया कि कैसे आज युवा पीढ़ी हिंदी को नजर अंदाज कर विदेशी भाषाओं की ओर आकर्षित हो रही है, जबकि हिंदी में भी आधुनिक विज्ञान, तकनीक और साहित्य की अपना संभावनाएं हैं।

इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. अनुपमा आर्य ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि हिंदी मात्र एक भाषा नहीं, अपितु हमारी आत्मा है। यह हमारी सोच, संस्कृति और संवेदनाओं की अभिव्यक्ति का माध्यम है। हमें गर्व है कि हमारे विद्यार्थी इस प्रकार की गतिविधियों के माध्यम से हिंदी के प्रचार-प्रसार में योगदान दे रहे हैं। आने वाली पीढी को हिंदी से जोड़ने के लिए ऐसे आयोजनों की अत्यंत आवश्यकता है। हिंदी हमारी भाषा हो, शिक्षा हमारी शक्ति हो, चरित्र हो ईमानदारी से बना तभी देश की सच्ची प्रगति होगी।

शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास की कनवीनर डॉ. अनीता गोदारा व को-कनवीनर हिंदी विभाग से ममता भटनागर रहीं जिन्होंने इस अवसर पर कहा कि हिंदी शिक्षा से बुद्धि पनपे, हिंदी चरित्र से मन बने तभी सुंदर राष्ट्र का निर्माण होगा। इस अवसर पर समस्त शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं एवं अन्य कर्मियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

#aryacollege #news #ambala #haryana

Previous

स्वस्थ्य नारी सशक्त परिवार अभियान के तहत 3525 मरीजों ने करवाई अपनी जांच

Next

प्रधानमंत्री ने नेपाल में शांति और स्थिरता बहाली के लिए भारत के दृढ़ समर्थन की पुष्टि की