14/06/25

हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन व श्रम मंत्री अनिल विज ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात कर अपने विधानसभा क्षेत्र की तीन मुख्य मांगे रखी

मंत्री अनिल विज ने सिविल अस्पताल विस्तार के लिए सैन्य जमीन हरियाणा सरकार को देने, घरेलू हवाई अड्‌डे के लिए फोरलेन रोड बनाने तथा सैन्य क्षेत्र को लेकर कुछ सड़कों को चौड़ा करने की मांग उठाई

चंडीगढ़, 14 जून - हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने आज दिल्ली में भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से उनके निवास पर मुलाकात की। इस दौरान मंत्री अनिल विज ने अपने विधानसभा क्षेत्र अम्बाला छावनी के लिए तीन मांगे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के समक्ष रखी। इनमें प्रमुख सिविल अस्पताल विस्तार हेतु सैन्य भूमि लेने, अम्बाला छावनी घरेलू हवाई अड्‌डा आने-जाने हेतु फोरलेन मार्ग बनाने तथा सैन्य क्षेत्र के साथ लगती सड़कों को चौड़ा करना शामिल है।

सिविल अस्पताल विस्तार के लिए रक्षा मंत्री से सैन्य जमीन मांगी

ऊर्जा, परिवहन व श्रम मंत्री अनिल विज ने अंबाला छावनी में सिविल व कैंसर अस्पताल विस्तार के लिए इसके साथ लगती सेना की जमीन हरियाणा सरकार को देने के लिए निवेदन किया। गौरतलब है कि सिविल अस्पताल परिसर में 9 मई 2022 में अटल कैंसर अस्पताल की शुरूआत की गई थी, अब यहां बड़ी तादाद में आसपास सात राज्यों के कैंसर मरीज ईलाज हेतु आ रहे हैं। मरीजों के साथ उनके तीमारदार होते हैं जिनके रहने के लिए कोई उपयुक्त जगह अभी नहीं है। मंत्री अनिल विज द्वारा तीमारदारों के लिए धर्मशाला बनाने की योजना है जिसके लिए जमीन चाहिए।

अम्बाला छावनी सिविल अस्पताल में क्रीटिकल केयर सेंटर भी स्थापित होना है और इसके लिए राज्य सरकार की ओर से राशि भी मंजूर हो चुकी है।

इसी प्रकार सिविल अस्पताल में स्पाईनल इंजरी खोलने की योजना है जिसके लिए लगभग दो से तीन एकड़ भूमि चाहिए। इस सेंटर में रीड की हड्डी से संबंधित बीमारियों के मरीजों का उपचार होगा। सेंटर खोलने की मंजूरी पूर्व में मिल गई थी। सेंटर में मरीजों की रीड की हड्डी से संबंधित सभी बीमारियों के उपचार का व्यापक प्रबंधन होगा।

गौरतलब है कि अम्बाला छावनी का सिविल अस्पताल दशकों पहले बना था और तब यहां जनसंख्या में महज 30 से 35 हजार थी जोकि अब लगभग ढाई लाख पहुंच चुकी है। इसी वजह से अस्पताल का विस्तार करने की सख्त आवश्यकता है और इसी वजह से मंत्री अनिल विज ने सैन्य जमीन लेने हेतु रक्षा मंत्री से आज निवेदन किया है।

घरेलू हवाई अड्‌डे के लिए बीसी बाजार से जीटी रोड तक फोरलेन रोड की मांग रखी

इसी तरह ऊर्जा व परिवहन मंत्री अनिल विज ने अम्बाला छावनी में बन चुके घरेलू हवाई अड्‌डो के समक्ष सेना के अधीन आने वाली रोड को फोरलेन बनाने की मांग उठाई। उन्होंने बीसी बाजार से लेकर जीटी रोड तक रोड को फोरलेन करने का आग्रह रक्षा मंत्री से किया। बता दें कि पूर्व में ऊर्जा व परिवहन मंत्री अनिल विज ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से ही मुलाकात कर घरेलू हवाई अड्‌डा निर्माण के लिए जमीन सेना से राज्य सरकार को हस्तांतरित करवाई थी। राज्य सरकार ने रक्षा मंत्रालय को 20 एकड़ जमीन के बदले 133 करोड़ रुपए दिए थे। इसी जमीन पर घरेलू हवाई अड्डे का निर्माण हुआ है।

सैन्य क्षेत्र के साथ लगती सड़कों को चौड़ा करने की मांग उठाई

वहीं, कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने रक्षा मंत्री राजनाथ को अंबाला छावनी नगर परिषद और छावनी बोर्ड में कई स्थान पर जैसे बोह, बब्याल आदि की कम चौड़ी सड़कों को आगे पीछे की सड़कों के सामान चौड़ा करवाने के लिए भी कहा। दशकों पहले बनी इन सड़कों की चौड़ाई कम है जिन्हें अब चौड़ा किए जाने की जरुरत है।

------------------------------------

Previous

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी व केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने गोरखपुर स्थित हरियाणा अणु विद्युत परियोजना का किया दौरा

Next

राजस्‍थान विधान सभा में सामूहिक योग 16 जून को