हरियाणा वेदर अपडेट: 12 मार्च तक शुष्क रहेगा मौसम, पश्चिमी विक्षोभ के बावजूद गर्मी से राहत के आसार कम
हरियाणा/मौसम, 10 मार्च (अन्नू): हरियाणा में इस बार मार्च की शुरुआत के साथ ही सूरज के तेवर तल्ख होने लगे हैं। प्रदेश के कई हिस्सों में गर्मी ने समय से पहले अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है, जिससे दिन के साथ-साथ रातें भी गर्म होने लगी हैं। हालिया आंकड़ों के मुताबिक, राज्य के तीन प्रमुख शहरों में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस की सीमा को लांघ चुका है। महेंद्रगढ़ जिला वर्तमान में प्रदेश का सबसे गर्म इलाका बना हुआ है, जहां अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बाद नारनौल में 35.6 डिग्री और चरखी दादरी में 35.1 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ है। गुरुग्राम और भिवानी जैसे शहरों में भी पारा 35 डिग्री के आसपास बना हुआ है, जिससे दोपहर के समय तेज धूप का अहसास हो रहा है।
तापमान का यह उछाल केवल दिन तक सीमित नहीं है, बल्कि न्यूनतम तापमान में भी सामान्य से अधिक बढ़ोतरी देखी गई है। भिवानी में रात का तापमान 19.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो राज्य में सबसे अधिक रहा। वहीं, गुरुग्राम, रोहतक और अंबाला जैसे शहरों में भी रात का पारा 18 से 19 डिग्री के बीच झूल रहा है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि न्यूनतम तापमान सामान्य से लगभग 5 डिग्री अधिक है, जिसके कारण लोगों को रात के समय भी हल्की गर्मी महसूस होने लगी है। हालांकि, महेंद्रगढ़ में जहां दिन सबसे गर्म रहा, वहीं रात का तापमान 15.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे कम था।
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में भी गर्मी से बड़ी राहत की उम्मीद कम है। चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (HAU) के विशेषज्ञों का अनुमान है कि 12 मार्च तक प्रदेश में मौसम मुख्य रूप से शुष्क बना रहेगा। हालांकि, एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के कारण 11 मार्च तक आसमान में आंशिक बादल छा सकते हैं और कुछ क्षेत्रों में मध्यम गति की हवाएं चलने की संभावना है। वैज्ञानिकों का मानना है कि दिन के तापमान में फिलहाल कोई बड़ा उलटफेर नहीं होगा, लेकिन रात के पारे में मामूली बढ़ोतरी जारी रह सकती है।
#HaryanaWeather #SummerUpdate #HeatWave #Mahendragarh #WeatherForecast #HaryanaNews #DanikKhabar