27/02/25

हरियाणा विकास के मामले में तीव्र गति से आगे बढ़ेगा

बी.एस. बाछल, 27 फरवरी, चण्डीगढ़।

हरियाणा के मुख्यमंत्री  नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा विकास के मामले में आज अग्रणी है और आने वाले समय में और तीव्र गति से आगे बढ़ेगा तथा प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के सपनों को साकार करेगा।

 मुख्यमंत्री बुधवार को जिला जींद के जुलाना में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।  

 नायब सिंह सैनी ने कहा कि राज्य सरकार ने 100 दिन में संकल्प पत्र के 18 वायदों को पूरा किया है जबकि 10 वायदों पर तेजी से कार्य चल रहा है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि संकल्प पत्र के एक-एक वायदे को पूरा किया जाएगा।

 उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की जनता लगातार सरकार की कल्याणकारी नीतियों पर भरोसा जता रही है। राज्य सरकार ने हरियाणा के किसानों की सभी फसलों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीदने का निर्णय लेकर किसानों को सशक्त करने का काम किया है।

 उन्होंने कहा कि जो किसान वर्षों से जमीन पर खेती कर रहे थे, लेकिन मालिकाना हक नहीं था, अब उन्हें कानूनी रूप से मालिकाना हक दिया जाएगा। इसके अलावा, पंचायत भूमि पर बने मकानों में रहने वालों को भी मालिकाना हक देने का निर्णय लिया गया है, जिससे हजारों परिवारों को राहत मिलेगी।

 इस मौके पर विधानसभा उपाध्यक्ष  कृष्ण लाल मिढ़ा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

Previous

ऋषिकेश में अंतरराष्ट्रीय योगा फेस्टिवल एक मार्च से शुरू होगा

Next

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का श्रमिक कल्याण की दिशा में संवेदनशील निर्णय