28/03/26

हरियाणा बोर्ड परीक्षा: सोनीपत के स्कूल में नकल करवाते पकड़ी गईं दो महिला टीचर

सोनीपत, 28 मार्च (अन्‍नू): हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की 12वीं की परीक्षा के दौरान सोनीपत के गांव बिधलान से सामूहिक नकल का एक बड़ा मामला सामने आया है। यहाँ के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में बोर्ड चेयरमैन की स्पेशल टीम (SRAF) ने दो महिला टीचरों और एक चपरासी को विद्यार्थियों को नकल करवाते हुए रंगे हाथों पकड़ा।



हैरानी की बात यह रही कि भूगोल की परीक्षा का समय समाप्त होने के बाद भी स्कूल के एक कमरे में 24 छात्रों को बैठाकर नकल करवाई जा रही थी। जब बोर्ड की स्पेशल टीम अचानक वहां पहुंची, तो केंद्र पर हड़कंप मच गया। टीम को देखकर नकल करा रही दोनों महिला टीचरों ने अपना चेहरा छिपाकर भागने की कोशिश की। आरोप है कि पकड़े जाने के डर से टीचरों और चपरासी ने जांच टीम के साथ धक्का-मुक्की और बदसलूकी भी की।



बोर्ड चेयरमैन डॉ. पवन कुमार शर्मा ने बताया कि यह मामला बेहद गंभीर है। पकड़ी गई दोनों महिला टीचर इसी स्कूल में कार्यरत हैं और एक चपरासी की मदद से इस पूरे खेल को अंजाम दे रही थीं। सबसे बड़ी लापरवाही यह रही कि जिस कमरे में नकल हो रही थी, वहां पर्यवेक्षक (Invigilator) भी मौजूद थे, फिर भी खुलेआम नियमों का उल्लंघन किया जा रहा था।


इस घटना के बाद बोर्ड ने कड़ा एक्शन लेते हुए सभी 24 छात्रों के खिलाफ यूएमसी (UMC) दर्ज कर ली है। साथ ही, आरोपी दोनों महिला शिक्षकों और चपरासी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाने के लिए पुलिस को शिकायत दे दी गई है। शिक्षा विभाग के अधिकारियों का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर लगाम लगाई जा सके।



#HaryanaBoard #SonipatNews #ExamCheating #HaryanaEducation #TeacherNews #HBSE #SchoolNews #DanikKhabar

Previous

अंबाला पुलिस की बड़ी कामयाबी: महिला से कानों की बालियां लूटने वाले दो बदमाश गिरफ्तार

Next

अंबाला पुलिस का नशे पर प्रहार: बिहार के दो तस्कर गिरफ्तार, डेढ़ किलो से ज्यादा अफीम बरामद