गांधी मेमोरियल नेशनल कॉलेज द्वारा बी.सी. बाज़ार स्कूल में क्षमता निर्माण व करियर मार्गदर्शन व्याख्यान का सफल आयोजन
जे कुमार, 4 दिसम्बर : गांधी मेमोरियल नेशनल कॉलेज, अंबाला छावनी के शिक्षकों द्वारा गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल, बी.सी. बाज़ार, अंबाला छावनी में “क्षमता निर्माण एवं 12वीं के बाद करियर विकल्प” विषय पर एक प्रेरक और सार्थक व्याख्यान का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा, बदलते करियर परिदृश्य और व्यावसायिक जगत में उपलब्ध नए अवसरों के प्रति जागरूक करना तथा उनमें आत्मविश्वास एवं निर्णय क्षमता का विकास करना था।
कॉलेज प्राचार्य डॉ. रोहित दत्त ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि वर्तमान समय में ज्ञान, कौशल और सही मार्गदर्शन ही विद्यार्थियों को सफलता की सही दिशा प्रदान करते हैं। ऐसे जागरूकता कार्यक्रम छात्रों को करियर के विभिन्न विकल्पों से अवगत कराते हुए उनमें आत्मविश्वास और लक्ष्य-निर्धारण की क्षमता विकसित करते हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि विद्यार्थी इस सत्र से प्रेरणा लेकर अपने भविष्य को अधिक सशक्त और सकारात्मक बनाएँगे।
यह इंटरैक्टिव सत्र जी.एम.एन. कॉलेज, अंबाला छावनी के अंग्रेज़ी विभाग एवं लैंग्वेज लैब की सह-प्राध्यापक डॉ. कमलेश कुमारी, सहायक प्राध्यापक डॉ. ज्योति सौरोत और सुश्री मेहक तलवार द्वारा संचालित किया गया। सत्र के दौरान वक्ताओं ने विद्यार्थियों को बताया कि करियर चयन जीवन का अत्यंत महत्वपूर्ण निर्णय होता है, जिसे अपनी रुचियों, कौशल, क्षमताओं और उपलब्ध अवसरों का संतुलित मूल्यांकन करके ही लिया जाना चाहिए। उन्होंने नई शैक्षिक धाराओं, उभरते प्रोफेशनल क्षेत्रों और बहुआयामी करियर विकल्पों पर विस्तृत जानकारी प्रदान की। विद्यालय प्रशासन ने ज्ञान-वर्धन, प्रेरणा और विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास में मूल्यवान योगदान देने के लिए सभी वक्ताओं व जी.एम.एन. कॉलेज के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया।
#ambala #news #gmncollege #career-guidance-lectur #gandhi-memorial college