हिसार की राजगुरु मार्केट में भीषण आग: तेलियन पुल के पास अनिल स्कूल ड्रेस की ऊपरी मंजिलों में भड़की लपटें, बड़ा हादसा टला
हिसार, 6 सितंबर (अन्नू): हिसार राजगुरु मार्केट स्थित तेलियन पुल के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब 'अनिल स्कूल ड्रेस' की तीसरी और चौथी मंजिल में अचानक भीषण आग लग गई। प्राथमिक जानकारी के अनुसार आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। लपटें इतनी तेज थीं कि देखते ही देखते दुकान के ऊपरी हिस्सों में रखा सामान जलकर राख हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने एहतियात के तौर पर दुकान के आसपास खड़े वाहनों को हटवाया ताकि दमकल गाड़ियों की आवाजाही में कोई रुकावट न आए। रविवार का दिन होने के कारण दोपहर के समय बाजार में आम दिनों की तुलना में भीड़ कम थी, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया।
लगातार होते रहे धमाके, डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू
आग लगने के दौरान दुकान के अंदर से लगातार धमाकों की आवाजें आती रहीं। अग्रणी अग्निशामक (लीडिंग फायरमैन) सज्जन कुमार लांबा ने बताया कि सूचना मिलते ही दो अलग-अलग फायर स्टेशनों से दमकल की गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। करीब 5 गाड़ियों की मदद से दमकलकर्मियों ने लगभग डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।
फायर अफसर के मुताबिक, दुकान में भारी मात्रा में कपड़ा और पॉलिथीन भरा हुआ था, जो पिघलकर दमकलकर्मियों पर भी गिर रहा था। हालांकि, मुस्तैदी दिखाते हुए टीम ने आग को नीचे की मंजिलों तक फैलने से रोक लिया। इस हादसे में दुकान के अंदर रखा स्कूल ड्रेस का बड़ा स्टॉक जलकर नष्ट हो गया है।
बाजार में मची अफरा-तफरी, एसोसिएशन के पदाधिकारी पहुंचे
घटना के दौरान मार्केट एसोसिएशन के पदाधिकारी और स्थानीय व्यापारी मौके पर पहुंचे और पीड़ित दुकानदार से बातचीत कर स्थिति का जायजा लिया। गौरतलब है कि राजगुरु मार्केट और आसपास के क्षेत्रों में 1,500 से अधिक दुकानें व शोरूम हैं, जहां बहुमंजिला निर्माण और तंग रास्तों के कारण अक्सर आवाजाही में दिक्कत आती है। गनीमत रही कि रविवार के चलते आसपास की ज्यादातर दुकानें बंद थीं, वरना नुकसान और अधिक हो सकता था।
#HisarNews #RajguruMarket #HisarFireIncident #HisarPolice #FireBrigade #HaryanaNews #DanikKhabar #BreakingNews
Previous
फतेहाबाद: आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में आरोपी गिरफ्तार; जेवर और मोबाइल हड़पने पर महिला ने खाया था जहर
Next